Bihar Weather Update: बिहार में 16 जून तक आ जाएगा मानसून, भीषण उमस और तेज धूप से मिल रहे संकेत
Bihar Weather Update बिहार में मौसम का मिजाज अब बदलने जा रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की आहट अब पूर्वी भारत में मिलने लगी है। 16 जून तक इसके बिहार में प्रवेश करने की उम्मीद है।
पटना, जेएनएन। Bihar Weather Update: बिहार में बीते कुछ दिनों से गर्मी व उमस का माहौल है। इससे लोग परेशान हैं। राहत की बात यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की आहट भी मिलने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार 16 जून तक राज्य में मानसून प्रवेश कर जाएगा। वर्तमान में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी एवं तेज धूप के कारण उमस काफी बढ़ गई है। इसे मानसून का संकेत माना जा रहा है।
बंगाल की खाड़ी में भी हलचल शुरू
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वोत्तर के राज्यों में प्रवेश कर चुका है। वर्तमान में असम एवं अगरतला में मानसून की बारिश हो रही है। मानसून को लेकर बंगाल की खाड़ी में भी हलचल शुरू हो गई है। एक-दो दिनों में यह पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम तक आ सकता है। उसके बाद पूर्वी बिहार के रास्ते यह राज्य में प्रवेश करेगा।
भीषण उमस से परेशान रहे लोग
राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 35.6 एवं न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी की हवा में 63 फीसद नमी दर्ज की गई। भीषण उमस के कारण लोग दिनभर पसीने से तरबतर होते रहे। तेज धूप के कारण सुबह से ही वातावरण में उमस बढऩे लगी थी। दिन चढऩे के साथ-साथ तापमान भी बढ़ता गया और उमस भी। मौसम विज्ञानयिों के अनुसार इस तरह की स्थिति अगले तीन से चार दिन तक बने रहने की उम्मीद है। मानसून के आगमन के साथ मौसम में थोड़ी नरमी आएगी।
तीन-चार दिनों से परेशान हैं लोग
बिहार में उमस भरी गरमी से तीन-चार दिनों से परेशान हैं लोग। सुबह होते ही सूरज की तीखी धूप से लोग परेशान हो जा रहे हैं। दोपहर में तो लगता है जैसे आसमान से आग बरस रही है। कोरोना संकट से लोग पहले से ही परेशान हैं। ऐसे में देह जलाती धूप से जिंदगी कष्टमय हो गई है। ऐसे में बिहार में मानसून के आने का हर किसी को इंतजार है।