बिहार में फिर सक्रिय हुआ मानसून, रुक-रुककर हो रही बारिश, झमाझम के आसार
बिहार में मानसून की बारिश फिर शुरू हो गई है। ऐसा उत्तरी बिहार में चक्रवात के बनने से हुआ है। हालात ऐसे ही रहे तो शनिवार को तेज बारिश हो सकती है।
पटना [जेएनएन]। बिहार में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। फिलहाल उत्तरी बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवात बना हुआ है। इससे रुक-रुककर बारिश हो रही है। ऐसी स्थिति शुक्रवार को भी बनी रहेगी। मानसून की सक्रियता बढ़ी तो शनिवार तक तेज बारिश हो सकती है।
राजधानी में गुरुवार की सुबह से ही काले बादल मंडरा रहे थे। पूर्वाह्न 10 बजते-बजते झमाझम बारिश शुरू हो गई। राजधानी में गुरुवार को 11.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को भी सुबह से छिटपुट बारिश के हालात हैं। बारिश के कारण पटना की सड़कों पर जल-जमाव का नजारा है। निचले इलाकों में पानी भर गया है। इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का कहना है कि इधर बिहार समेत पड़ोसी राज्यों के वातावरण में गर्मी काफी बढ़ गई थी और मानसून कमजोर हो गया था। लेकिन, एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। उत्तरी बिहार में चक्रवात बना हुआ है। इससे राजधानी समेत प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में बारिश हो रही है।
वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवात बनने से बिहार के पश्चिमी जिलों में बारिश हो रही है। इसी तरह की स्थिति शुक्रवार तक बने रहने की उम्मीद है। शनिवार से प्रदेश में मानसून की गति और तेज हो सकती है।