Mokama Road Accident: गूगल पर गलत लोकेशन से बदला रास्ता, मोकामा फोरलेन पर हादसे में नालंदा के युवक की मौत
नालंदा के एक 20 वर्षीय युवक की मोकामा फोरलेन पर सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक गूगल मैप्स पर ...और पढ़ें

रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकला था युवक
HighLights
मोकामा फोरलेन पर सड़क हादसे में युवक की मौत।
गूगल मैप्स पर गलत लोकेशन डालने से हुआ हादसा।
नालंदा निवासी नीरु कुमार की मौके पर ही मृत्यु।
संवाद सूत्र, मोकामा(पटना)। नालंदा से अथमलगोला के बड़हिया गांव रिश्तेदार के घर जा रहे 20 वर्षीय युवक की मोकामा फोरलेन पर सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक ने गूगल सर्च पर बड़हिया का गलत लोकेशन डाल दिया था, जिसके बाद वह अपने गंतव्य के बजाय दूसरे रास्ते पर पहुंच गया। इसी दौरान कन्हाईपुर गांव के पास उसकी बाइक एक वाहन से टकरा गई।
हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नालंदा जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव निवासी दिनेश सिंह के पुत्र नीरु कुमार के रूप में हुई है।
रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकला था युवक
जानकारी के अनुसार नीरु कुमार बाइक से अथमलगोला प्रखंड के बड़हिया गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने के लिए मंगलवार रात घर से निकला था। हड़बड़ी में उसने गूगल सर्च पर लखीसराय जिले के बड़हिया नगर परिषद क्षेत्र का लोकेशन डाल दिया।
इस वजह से वह अपने वास्तविक गंतव्य की बजाय दूसरे रास्ते पर निकल गया। पुलिस के अनुसार, युवक ने एयरफोन भी लगा रखा था। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि उसे रास्ता बदलने और गलत दिशा में जाने का पता नहीं चला।
कन्हाईपुर के पास वाहन से टकराई बाइक
मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार के अनुसार बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर कन्हाईपुर गांव के पास युवक की बाइक किसी वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में नीरु कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मोकामा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ भेज दिया।
स्वजन को सौंपा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की सूचना पर मृतक के स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मोकामा पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और बाइक की दूसरे वाहन से हुई टक्कर को लेकर जानकारी जुटा रही है।
गलत लोकेशन के कारण पहुंच गया था दूसरे रास्ते पर
बताया गया कि युवक को अथमलगोला प्रखंड के बड़हिया गांव जाना था, लेकिन गूगल सर्च पर लखीसराय के बड़हिया का लोकेशन डालने के कारण उसका रास्ता बदल गया। वह मोकामा की ओर पहुंच गया और फोरलेन पर हादसे का शिकार हो गया।
पुलिस के अनुसार, घटना की जांच के दौरान हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
