विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मऊ-कोलकाता स्पेशल समेत 41 ट्रेनें रद, 32 गाड़ियों का बदल गया रूट; मोकामा रेलवे पुल पर काम के चलते परेशानी

Published: Sun, 27 Sep 2026 07:00 AM (IST)

मोकामा में गंगा नदी पर बने नए रेल पुल को मुख्य नेटवर्क से जोड़ने के कार्य के कारण रविवार को रेल परिचालन बड़े पैमाने पर प्रभावित रहेगा।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. मोकामा में नए रेल पुल को मुख्य नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।

  2. रविवार को 41 ट्रेनें रद्द, 32 ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए।

  3. पटना, मोकामा, किऊल के रेल यात्रियों को असुविधा का सामना।

जागरण संवाददाता, पटना। मोकामा में गंगा नदी पर बने नए रेल पुल को रेल परिचालन से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। नए रेल पुल से जुड़े प्री-एनआइ और एनआइ कार्य के कारण रविवार को रेल परिचालन बड़े स्तर पर प्रभावित रहेगा। इस दौरान 41 ट्रेनों को रद किया गया है, जबकि 32 ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएंगी।

इसके अलावा 11 ट्रेनों का आंशिक प्रारंभ अथवा आंशिक समापन किया गया है। इससे पटना, मोकामा, किऊल, बरौनी और आसपास के रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

जिन ट्रेनों को रद किया गया है, उनमें प्रमुख रूप से 02023 हावड़ा-पटना, 02024 पटना- हावड़ा, 03229 खुर्दा रोड-पटना, 03230 पटना-खुर्दा रोड, 04185 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी- आसनसोल, 05096 मऊ-कोलकाता, 09033 उधना-मालदा टाउन, 09034 मालदा टाउन-उधना, 13029 हावड़ा-मोकामा, 13030 मोकामा-हावड़ा, 13031 हावड़ा-जयनगर, 13032 जयनगर-हावड़ा एक्सप्रेस शामिल हैं।

प्री-एनआइ और एनआइ का काम राजेंद्र पुल मोकामा, हथीदह अपर जंक्शन, टाल, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशनों पर चल रहा है। इन स्टेशनों और रेलखंड से जुड़े परिचालन तंत्र में जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं।

नए रेल पुल को सुरक्षित रूप से परिचालन में लाने के लिए ट्रैक, सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को नए सिस्टम के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

नए पुल को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी

मोकामा में गंगा नदी पर बने नए रेल पुल के चालू होने के बाद इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

पुल को मौजूदा रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए प्री-एनआइ के बाद एनआइ कार्य किया जा रहा है। इस दौरान ट्रैक कनेक्टिविटी, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, सिग्नलिंग तथा परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं में बदलाव किए जाएंगे।

रेलवे के अनुसार, कार्य पूरा होने के बाद नए पुल पर ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन के लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्था प्रभावी हो जाएगी। इसी कारण निर्माण कार्य के साथ परिचालन व्यवस्था में भी अस्थायी बदलाव करना पड़ा है।

यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था की सलाह

रविवार को बड़ी संख्या में ट्रेनों के रद और मार्ग परिवर्तन के कारण पटना से मोकामा, किऊल, बरौनी तथा इस रूट से आगे जाने वाले यात्रियों की यात्रा प्रभावित होगी। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

जिन ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, उनके ठहराव में भी बदलाव हो सकता है। रेलवे की ओर से प्री-एनआइ और एनआइ कार्य पूरा होने के बाद चरणबद्ध तरीके से सामान्य परिचालन बहाल किया जाएगा।

नए रेल पुल से संबंधित कार्य पूरा होने के बाद इस रेलखंड की परिचालन क्षमता और कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण सुधार की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- बिहार में सड़कों के कायाकल्प के लिए ₹10,590 करोड़ मंजूर, 7 साल की मेंटेनेंस गारंटी के साथ 66 पैकेजों पर काम शुरू