हिंदुओं को 3 बच्चे पैदा करने से किसने रोका? पटना में RSS प्रमुख मोहन भागवत का बड़ा बयान
आरएसएस प्रमुख Mohan Bhagwat ने पटना में कहा कि हिंदू समाज को तीन बच्चे पैदा करने से किसी ने नहीं ...और पढ़ें

पटना में RSS प्रमुख मोहन भागवत का बड़ा बयान
HighLights
हिंदुओं को तीन बच्चे पैदा करने से कोई रोक नहीं।
संघ का उद्देश्य केवल संगठन नहीं, राष्ट्र निर्माण है।
संविधान अधिकार के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है।
डिजिटल डेस्क, पटना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने पटना प्रवास के दौरान हिंदू समाज, जनसंख्या और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। पटना के विजय निकेतन में उद्यमियों और शैक्षिक संस्थानों के संचालकों से संवाद के दौरान भागवत ने कहा कि हिंदू समाज को तीन बच्चे पैदा करने से किसी ने नहीं रोका है। यह समाज की अपनी जिम्मेदारी और सोच से जुड़ा विषय है।
संघ का उद्देश्य केवल संगठन नहीं, राष्ट्र निर्माण
भागवत ने कहा कि संघ की स्थापना देश के उत्थान के लिए चल रहे रचनात्मक प्रयासों को संगठित और मजबूत करने के उद्देश्य से की गई थी। संघ का काम केवल संगठन खड़ा करना नहीं, बल्कि समाज को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि संघ आज भी उसी उद्देश्य के साथ कार्य कर रहा है।
पटना में स्वयंसेवकों से भी किया संवाद
पटना प्रवास के दौरान RSS प्रमुख ने दायित्वधारी स्वयंसेवकों के साथ भी बैठक की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शुरुआत संपूर्ण हिंदू समाज को संगठित करने के लिए की गई थी। संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने वर्षों के चिंतन के बाद 1925 में संघ कार्य का प्रारंभ किया था।
संविधान अधिकार के साथ कर्तव्य भी सिखाता है
भागवत ने कहा कि संविधान नागरिकों को केवल अधिकार नहीं देता, बल्कि कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि नियम-कानून का पालन करना हर नागरिक का दायित्व है और सामाजिक समरसता बनाए रखना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
भारत के आगे बढ़ने से कुछ देशों को परेशानी
RSS प्रमुख ने कहा कि भारत के आगे बढ़ने की परिस्थितियां बन रही हैं और देश वैश्विक नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है। लेकिन कुछ देशों को भारत का यह आगे बढ़ना अच्छा नहीं लग रहा है, क्योंकि उन्हें अपनी प्रभुता और हितों पर खतरा महसूस हो रहा है। ऐसे में समाज को सजग और एकजुट रहने की जरूरत है।
मुजफ्फरपुर में भी दिया था जनसंख्या पर बयान
गौरतलब है कि इससे पहले मुजफ्फरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में मोहन भागवत ने कहा था कि सरकार दो या एक बच्चे की सलाह देती है, लेकिन हिंदू समाज को तीन बच्चे पैदा करने से किसी ने रोका नहीं है। उन्होंने यह भी कहा था कि भारत को अलग से हिंदू राष्ट्र घोषित करने की जरूरत नहीं है, यह पहले से ही हिंदू राष्ट्र है।
