यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Mission 2024: CM नीतीश ने विधायकों को दिए लोकसभा चुनाव के टिप्स, बोले भाजपा... अब सांसदों से होगी मुलाकात
Mission 2024 मुख्यमंत्री से मिलकर लौट रहे विधायकों ने बताया कि उनसे क्षेत्र में चल रहे कार्यक्रमों और योजनाओं के ...और पढ़ें

पटना, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधायकों व विधान पार्षदों को यह टिप्स दिया है कि क्षेत्र में जाकर लोगों से बात करिए और अभी से ही चुनाव की तैयारी में लग जाएं। मजबूती के साथ तैयार रहने को कहा है। विगत दो दिनों से मुख्यमंत्री अपने आवास पर विधायकों से मिल रहे थे। शुक्रवार की दोपहर जब जदयू विधायकों से मिलने का सिलसिला खत्म हुआ तब उन्होंने 12.30 बजे के बाद उन्होंने जदयू विधान पार्षदों से मिलना आरंभ किया। उनकी समस्याएं पूछीं और अपने अधिकारियों को बुलाकर उन्हें नोट भी कराया। मुख्यमंत्री अब इस मुलाकात के सिलसिले को आगे बढ़ाएंगे। जल्द ही जदयू सांसदों से मिलने का सिलसिला आरंभ होगा।
वन टू वन चला मुलाकात का सिलसिला
जदयू विधायकों व विधान पार्षदों से मुख्यमंत्री के मुलाकात का सिलसिला वन टू वन था। जिन विधायकों को मिलने के लिए मुख्यमंत्री आवास में बुलाया गया था उन्हें एक जगह बिठा दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने कक्ष में एक-एक विधायकों से अलग-अलग बात की। एक विधायक व विधान पार्षद से उनकी बातचीत औसत दस से बारह मिनट तक चली।
क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं व योजनाओं के बारे में बात की
मुख्यमंत्री से मिलकर लौट रहे विधायकों ने बताया कि उनसे क्षेत्र में चल रहे कार्यक्रमों और योजनाओं के बारे में पूछा। विकास से जुड़ी योजना के साथ-साथ सामाजिक प्रक्षेत्र की योजनाओं के बारे में भी बात की। राशि की कमी के कारण अगर कोई योजना फंसती है तो उस संबंध में तुरंत सूचना देने की बात भी कई विधायकों से हुई। अल्पसंख्यक कल्याण व महिलओं से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में भी उन्होंने पूछा।
भाजपा से भिड़ने को ले तैयार रहने को कहा
मुख्यमंत्री ने विधायकों व विधान पार्षदों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा से भिड़ने के लिए तैयार रहें। उनसे जुड़े क्षेत्र में पार्टी के संगठन की क्या स्थिति है इस बारे में भी बात की।
अब सांसदों से होगी मुलाकात
विधायकों व विधान पार्षदों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने मुलाकातियाें को कहा कि वह पार्टी के सांसदों से भी वन टू वन मुलाकात करेंगे। संसदीय क्षेत्र में हुए काम और चल रही योजनाओं के बारे में भी बात करेंगे।
आज इनसे हुई भेंट
विधायक डा. संजीव कुमार, पंकज मिश्र, हरिनारायण सिंह, कौशल किशोर, कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, मनोज यादव, जितेंद्र कुमार, विधान पार्षद नीरज कुमार, राधाचरण सेठ, आफाक अहमद खान व गुलाम गौस।