Bihar Crime: माडल ने महिला पर लगाया धमकी देने का आरोप, पटना में बोलीं-मुंबई में है जान को खतरा
माडल ने मुंबई में जान का खतरा बताते हुए पटना में प्राथमिकी कराई है। एक प्रोडक्शन हाउस के मालिक की पत्नी पर यह आरोप लगाया है। उन्होंने प्राथमिकी में कहा कि मुंबई के एक प्रोडक्शन हाउस के मालिक की पत्नी ने उन्हें वाट्सऐप पर गंदी-गंदी गालियां दीं।
जागरण संवाददाता, पटना। एक माडल ने मुंबई में जान का खतरा बताते हुए पटना के एसके पुरी थाने में प्राथमिकी कराई है। वह मूलरूप से पटना की रहने वाली हैं। उन्होंने एक प्रोडक्शन हाउस के मालिक की पत्नी पर यह आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि शिकायत दर्ज कर सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
महिला से डरकर आ गईं पटना
माडल कई कंपनियों के लिए काम कर चुकी हैं। उन्होंने प्राथमिकी में कहा कि मुंबई के एक प्रोडक्शन हाउस के मालिक की पत्नी ने उन्हें वाट्सऐप पर गंदी-गंदी गालियां दीं। कहा, खोज कर उसे पीट दूंगी। इस डर से वह पटना आ गईं।
दुर्घटना में फंसाने चाहती है महिला
माडल ने बताया कि राजधानी आने पर मालूम हुआ कि वह महिला दुर्घटना के एक मामले में उन्हें फंसाना चाहती हैं। उनसे कहा गया कि वह स्वीकार कर लें कि महिला के साथ हुई दुर्घटना में उनका हाथ था। जब उन्होंने इससे इनकार किया था तो महिला ने धमकी देनी शुरू कर दी।
वापस मुंबई जाने से लग रहा डर
पटना की रहने वाली माडल ने आरोप लगाया है कि महिला इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उन्हें धमकी दे रही है, जिससे वह मानसिक तौर पर काफी परेशान हो गई हैं। अब वह मुंबई जाने से डर रही हैं।