पटना की नाबालिग को किडनैप कर UP में रेलवे ट्रैक पर फेंका? मौत के बाद 3 पर FIR, मां ने लगाए गंभीर आरोप
पटना के बिहटा से एक नाबालिग स्कूली छात्रा के अपहरण और लखनऊ में रेलवे ट्रैक पर उसकी मौत का मामला ...और पढ़ें

यूपी में रेल ट्रैक पर घायल मिली लड़की की मौत। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बिहटा से नाबालिग छात्रा का अपहरण कर लखनऊ ले जाया गया।
लखनऊ में रेलवे ट्रैक पर छात्रा का शव बरामद हुआ।
मां ने तीन नामजद आरोपियों पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया।
संवाद सूत्र, बिहटा (पटना)। बिहटा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग स्कूली छात्रा के अपहरण और उसकी मौत का मामला सामने आया है। यूपी के लखनऊ में उसे रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया।
छात्रा की मां ने बिहटा थाने में लिखित आवेदन देकर पथलैटिया निवासी शंकर राय, दुर्गा राय और लक्ष्मण कुमार को नामजद किया है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि तीनों ने 18 सितंबर को छात्रा का अपहरण किया और उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।
18 सितंंबर को लापता हुई थी किशोरी
स्वजन के अनुसार, 18 सितंबर को छात्रा का अपहरण कर लिया गया था। घर नहीं लौटने पर उसकी खोजबीन शुरू की गई। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
अगले दिन 19 सितंबर की सुबह लखनऊ रेल प्रशासन की ओर से स्वजन को सूचना दी गई कि उनकी लड़की घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक से बरामद हुई है।
लखनफ स्टेशन से पहले हुई मौत
सूचना मिलने के बाद स्वजन तत्काल वहां पहुंचने के लिए रवाना हुए। बताया गया कि लखनऊ स्टेशन से पहले आलमनगर पहुंचे ही थे कि उन्हें बच्ची की मौत की सूचना मिली।
वहां से लौटने के बाद स्वजन ने बिहटा थाने में आवेदन देकर तीन लोगों को नामजद करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस मोबाइल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। छात्रा के साथ वास्तव में क्या हुआ और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस नामजद आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों को अहम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- पटना के बाढ़ में 12 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या, दुष्कर्म की आशंका; एक हिरासत में
