पुलिस हिरासत में गर्भवती हुई नाबालिग लड़की, खुलासे से मचा हड़कंप
पटना के रिमांड होम में रह रही एक नाबालिग के गर्भवती होने का खुलासा होते ही हड़कंप मच गया है। मामले में एफआइआर दर्ज की गई है। लड़की ने जो खुलासा किया है उसे सुनकर हड़कंप मचा है।
पटना, जेएनएन। बिहार में पुलिस अभिरक्षा में एक नाबालिग लड़की के गर्भवती होने के मामले का खुलासा होते ही हड़कंप मच गया है। लड़की ने बताया कि पटना के गायघाट स्थित रिमांड होम से पेशी के लिए बेतिया आने के क्रम में लड़की के साथ उसी के कथित प्रेमी ने शारीरिक संबंध बनाए और यह मामला तब प्रकाश में आया जब लड़की के गर्भवती होने का खुलासा हुआ।
लड़की ने अपने बयान में कहा है कि इस साल सात जनवरी को उसे रक्षा गृह से पुलिस अभिरक्षा में बेतिया न्यायालय में पेशी के लिए लाया जा रहा था। इसी क्रम में पटना से ही उसका कथित पति (प्रेमी) टुन्ना साह भी बस में सवार हो गया। हाजीपुर तक वे दोनों बस से आए। बस का भाड़ा टुन्ना ने ही दिया था।
इसके बाद हाजीपुर में उनलोगों ने ट्रेन पकड़ ली। फिर मुजफ्फरपुर से बेतिया आने के क्रम में टुन्ना ने पुलिसकर्मी विश्वनाथ सिंह को 500 रुपये बतौर रिश्वत दिए और लड़की को इशारा कर बाथरूम में बुला लिया। बाथरूम में ही टुन्ना ने उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किए।
इसके बाद न्यायालय में उपस्थापन के बाद वह वापस उत्तर रक्षा गृह में लौट गई। रक्षा गृह में जब अधीक्षिका को कुछ शक हुआ, तब नाबालिग की जांच कराई गई। जिसमें वह छह महीने की गर्भवती पाई गई।इस मामले में एक प्राथमिकी बेतिया राजकीय रेल थाने में दर्ज कराई गई है।
बेतिया राजकीय रेल थाने के प्रभारी सुदीन बेसरा ने मंगलवार को बताया कि लड़की के बयान पर रेल थाने में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और पॉस्को एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जिसमें टुन्ना साह, होमगार्ड जवान विश्वनाथ सिंह एवं कांस्टेबल मिंटू कुमारी को नामजद आरोपी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है, और फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
बता दें कि पश्चिम चंपारण जिले के कंगली थाना क्षेत्र की लड़की प्रेम प्रसंग में अपने प्रेमी टुन्ना साह के साथ वर्ष 2017 में फरार हो गई थी। बाद में पुलिस ने लड़की को बरामद कर अदालत में प्रस्तुत किया था। जहां उसने अपने घर नहीं जाने और शादी करने की बात कही। लेकिन नाबालिग होने के कारण उसे पटना स्थित रक्षा गृह गायघाट भेज दिया गया।