तेजप्रताप यादव को सपने में दिखे कृष्ण, लाइव वीडियो शेयर करने पर हो गए ट्रोल; यूजर बोले-ऑस्कर गोज टू तेजू भैया
Minister Tej Pratap Yadav मंत्री तेजप्रताप यादव ने अपने सपने का लाइव वीडियो शेयर किया है। सपने के अंत में वे भगवान कृष्ण का स्वरूप देखकर चौंक जाते हैं और उठ जाते हैं। अब सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके वीडियो पर कमेंट की बौछार कर दी है।
पटना, जागरण डिजिटल। बिहार सरकार में मंत्री और लालू यादव के बेटे तेजप्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। मंत्री तेजप्रताप के सपने में इस बार भगवान कृष्ण ने दर्शन दिए। इसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है।
अपने निराले अंदाज के लिए मशहूर तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपना सपना लाइव दिखाया। दरअसल, शेयर किए गए वीडियो में तेजप्रताप सोते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो में महाभारत युद्ध के कुछ क्लिप हैं। वहीं, भगवान कृष्ण, ब्रह्मा, विष्णु सहित कई देवता नजर आ रहे हैं। इसे मंत्री तेजप्रताप यादव का सपना बताया जा रहा है। वीडियो के अंत में वे भगवान कृष्ण का विराट रूप देखकर चौंक जाते हैं और उठ जाते हैं।
विश्व रूप दर्शन योग मैं मुकुट से सुशोभित चक्र और गदा से सुसज्जित शस्त्रों के साथ सर्वत्र दीप्तिमान लोक के रूप में आपके रूप को देख रहा हूँ। इस चमचमाती अग्नि में आपके तेज को देख पाना कठिन है जो सभी दिशाओं से प्रस्फुटित होने वाले सूर्य के प्रकाश की भांति है। pic.twitter.com/tqcrkKH5Qo— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) March 22, 2023
वीडियो शेयर कर तेजप्रताप ने लिखा कि 'विश्व रूप दर्शन योग मैं मुकुट से सुशोभित चक्र और गदा से सुसज्जित शस्त्रों के साथ सर्वत्र दीप्तिमान लोक के रूप में आपके रूप को देख रहा हूं। इस चमचमाती अग्नि में आपके तेज को देख पाना कठिन है जो सभी दिशाओं से प्रस्फुटित होने वाले सूर्य के प्रकाश की भांति है।'
सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल
अब, तेजप्रताप यादव के सपने वाला वीडियो चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वे ट्रोल भी हो गए। एक यूजर ने उनके वीडियो के नीचे कमेंट किया कि ये बिहार का दुर्भाग्य है कि ऐसे नेता राज्य को मिले हैं।
एक यूजर ने चुटकी लेते हुए कमेंट किया 'ऑस्कर गोज टू वन एंड वनली तेजू भैया'। वहीं, एक ने 'वाह क्या एक्टिंग कर रहा है' का मीम शेयर किया है।
बता दें कि इससे पहले तेजप्रताप यादव ने बताया था कि उनके सपने में मुलायम सिंह यादव आए थे। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने उनसे खूब बातचीत की और उन्हें गले भी लगाया।
होली पर तेजप्रताप यादव ने कृषण का रूप धारण कर लिया था। होली पर ने मोरपंख मुकुट पहने बांसुरी बजाते हुए नजर आए। उन्होंने अपने आवास पर ब्रज से बुलाई गई गोपियों के साथ होली भी खेली थी।