Patna Flood: पटना के नालों का नक्शा ही गायब, पानी निकले तो कैसे! मंत्री सुरेश शर्मा ने कही ये बात
पटना में जलजमाव कम नहीं हो रहा है। नालों की सफाई कैसे हो अब तो नक्शा ही गायब हो गया है। शनिवार को नगर मंत्री सुरेश शर्मा ने साफ कह दिया कि नगर निगम के पास नक्शा नहीं है।
पटना, जेएनएन। पटना में चार दिनों की बारिश ने आपदा ला दिया है। एक सप्ताह के बाद भी शहर के कई इलाकों में अब तक जलजमाव लगा हुआ है। खासकर राजेंद्र नगर, बाजार समिति, सैदपुर आदि इलाकों में अभी भी दो से तीन फीट लगा हुआ है। पानी की निकासी नहीं हो रही है। अब नया मामला नक्शा का आया है। पटना के नाले का नक्शा ही गायब है। मंत्री से लेकर मेयर तक जिम्मेवारी लेने से भाग रहे हैं।
शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नगर मंत्री सुरेश शर्मा ने इस मामले में अपने हाथ खड़ा कर दिये। बता दें कि शुक्रवार को पटना की मेयर सीता साहू ने पटना में जलजमाव के लिए बुडको को जिम्मेवार ठहराया था। उधर भाजपा सांसद रामकृपाल यादव ने भी भड़ास निकाली है।
नगर मंत्री सुरेश शर्मा ने कहा कि नगर निगम के पास नक्शा नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषी अधिकारियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व नगर आयुक्त अनुपम कुमार सुमन दोषी हैं। उनकी गलती की वजह से आज पटना डूबा और शहर में जलजमाव हुआ है। लोगों काे परेशानी हो रही है।
इतना ही नहीं, नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश शर्मा ने कहा कि पूर्व नगर आयुक्त हमारी बात सुनते ही नहीं थे। इसकी मैंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर शिकायत भी की थी। विभाग की ओर से कार्रवाई की तैयारी है। हाईकोर्ट ने भी पूर्व नगर आयुक्त पर इसी वजह से नाराजगी जताई थी। पूर्व नगर आयुक्त की मनमानी और लापरवाही से पटना की ऐसी दुर्गति हुई है।
उन्होंने कहा कि दो दिनों की बारिश में पटना में जलजमाव नहीं होता। हजारों घर डूब गए हैं और लाखों की आबादी सड़कों पर आ गई है। बारिश खत्म हुए भी पांच दिन बीत गए लेकिन अब तक कई मोहल्लों से पानी नहीं निकला है। जलजमाव के लिए बुडको और पटना नगर निगम के दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ऐसे दोषी अधिकारी जिनका तबादला हो गया हो या वे सेवानिवृत्त ही क्यों न हो गए हों छोड़े नहीं जाएंगे।
दूसरी ओर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद रामकृपाल यादव ने शनिवार को अफसरों पर अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि पटना को डुबोने के लिए पूरी तरह से पटना नगर निगम और बुडको के अधिकारी जिम्मेदार हैं। अफसरों का हाल यह है कि वे सांसद का फोन नहीं उठाते। पटना को पानी-पानी करने के लिए यहां के अधिकारी जिम्मेदार हैं। रामकृपाल ने शनिवार को दानापुर नगर परिषद क्षेत्र से बरसात के पानी की निकासी को लेकर नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश शर्मा से गुहार लगाई है। उन्होंने कहा है कि मेरे क्षेत्र का दानापुर इलाका बारिश के पानी से अब भी डूबा है। पानी निकासी को लेकर कोई काम नहीं किया गया है।