विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंत्री अशोक चौधरी ने दिया इस्तीफा, पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी छोड़ी

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:58 PM (IST)

राज्य सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डा. अशोक चौधरी ने पटना के एएन कॉलेज में सहायक प्राध्यापक पद से इस्तीफा दे दिया है। विधान परिषद सदस्यता और शिक्षक पद पर बने रहने को लेकर उठे विवाद तथा राजभवन की आपत्तियों के बाद उन्होंने यह निर्णय लिया।

डा. अशोक चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री

डा. अशोक चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री

HighLights

  1. मंत्री अशोक चौधरी ने सहायक प्राध्यापक पद छोड़ा।

  2. विधान परिषद सदस्यता और शिक्षक पद पर विवाद।

  3. राजभवन की आपत्तियों के बाद लिया गया निर्णय।

जागरण संवाददाता, पटना। राज्य सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डा. अशोक चौधरी ने पटना के एएन कॉलेज में सहायक प्राध्यापक (असिस्टेंट प्रोफेसर) के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दिया है।

विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों के अनुसार, कानूनी पहलुओं पर विचार-विमर्श के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन शनिवार को इस संबंध में फैसला ले सकता है।

विधान परिषद की सदस्यता के साथ शिक्षक पद पर बने रहने पर विवाद

डा. अशोक चौधरी के शिक्षक पद पर बने रहने को लेकर उस समय विवाद खड़ा हुआ, जब उनकी विधान परिषद सदस्यता और विश्वविद्यालय में नियुक्ति के बीच कानूनी प्रावधानों को लेकर सवाल उठने लगे। राजभवन की ओर से भी इस मामले में आपत्ति जताई गई थी। कानूनी कार्रवाई की आशंका के बीच उन्होंने सहायक प्राध्यापक का पद छोड़ने का निर्णय लिया है।

कुलपति और कुलसचिव ने जानकारी देने से किया इनकार

इस्तीफे के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। कुलपति और कुलसचिव ने भी इस मामले में कुछ कहने से इनकार किया है।

वहीं, डा. अशोक चौधरी ने भी इस्तीफे को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई जानकारी साझा नहीं की है। अब विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्णय पर सबकी नजर है।

17 फरवरी को राजनीति विज्ञान विभाग में दिया था योगदान

बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग की ओर से परिणाम जारी होने के बाद डा. अशोक चौधरी ने 17 फरवरी, 2026 को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के एएन कॉलेज, पटना के राजनीति विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक के रूप में योगदान दिया था। उस समय वह विधान परिषद के सदस्य होने के साथ राज्य सरकार में मंत्री भी थे।

अगले दिन अवैतनिक अवकाश के लिए दिया था आवेदन

योगदान देने के अगले ही दिन उन्होंने मंत्री और विधान परिषद सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए अवैतनिक अवकाश (लियन) का आवेदन दिया था।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बाद में उनके आवेदन को स्वीकृति प्रदान की थी। इस लियन से संबंधित मामला पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सिंडिकेट के समक्ष भी रखा गया था।

सिंडिकेट ने 19 अगस्त को आवेदन किया था अस्वीकृत

19 अगस्त को हुई सिंडिकेट की बैठक में डा. अशोक चौधरी के अवैतनिक अवकाश के आवेदन को मंजूरी नहीं दी गई। इसके बाद मामला राजभवन पहुंच गया। इस घटनाक्रम के बाद उनकी नियुक्ति और अवकाश की पात्रता को लेकर कानूनी सवाल उठने लगे।

31 अक्टूबर को राजभवन ने उठाए थे सवाल

राजभवन की ओर से 31 अक्टूबर को डा. अशोक चौधरी की नियुक्ति, परिवीक्षा अवधि और लियन की पात्रता पर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद से ही इस मामले को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन में कानूनी मंथन चल रहा था। अब सहायक प्राध्यापक पद से उनके इस्तीफे के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन शनिवार को आगे का निर्णय लेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।