37 हजार स्कूलों में खेल प्रतिभाओं की तलाश, मशाल-2026 से निखरेगी बिहार के खिलाड़ियों की प्रतिभा
बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और स्कूली स्तर पर खेल प्रतिभाओं को पहचानने के लिए 'मशाल-2026' अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 37 हजार विद्यालयों में अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के विद्यार्थियों को पांच खेल विधाओं में अवसर प्रदान कर उन्हें प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देगा।
-1795348832495_m.webp)
बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा के उद्देश्य से मशाल-2026 का आयोजन किया जा रहा है।
HighLights
बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु मशाल-2026 अभियान।
37 हजार स्कूलों में अंडर-14, अंडर-16 प्रतिभाओं की पहचान।
पांच खेलों में प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और बेहतर मंच मिलेगा।
डिजिटल टीम, पटना। बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और स्कूली स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मशाल-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इसमें बालक और बालिका दोनों वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और बेहतर खेल मंच उपलब्ध कराना है।
37 हजार विद्यालयों तक पहुंचाने का लक्ष्य
खेल विभाग, शिक्षा विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में संचालित इस अभियान को राज्य के करीब 37 हजार मध्य एवं उच्च विद्यालयों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनकी शारीरिक क्षमता, खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक प्रतिभा का आकलन किया जाएगा।
इस अभियान में एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल और साइक्लिंग सहित पांच खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप खेल में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
पांच चरणों में होगी प्रतिभाओं की पहचान
मशाल-2026 के तहत प्रतिभाओं की पहचान के लिए पांच स्तरीय चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसकी शुरुआत विद्यालय स्तर से होगी। यहां आयोजित प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी क्लस्टर रिसोर्स सेंटर (सीआरसी) स्तर पर पहुंचेंगे। इसके बाद प्रखंड और जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और प्रोत्साहन से जोड़ने की पहल
मशाल-2026 का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि उभरते खिलाड़ियों के लिए भविष्य की राह तैयार करना भी है। अभियान के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण की उन्नत सुविधाओं से जोड़ने की योजना है। इसके तहत योग्य खिलाड़ियों को एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र, जिला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर्स जैसी संस्थाओं में प्रशिक्षण का अवसर मिल सकता है। इसके अलावा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए पुरस्कार, प्रमाणपत्र और प्रेरणा छात्रवृत्ति का भी प्रावधान किया गया है।