पटना में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, स्वजनों ने पीट-पीटकर हत्या का लगाया आरोप
राजधानी के गर्दनीबाग में विवाहिता का ससुराल में संदिग्ध अवस्था में शव मिला है। मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पटना, जेएनएन। राजधानी के गर्दनीबाग में शुक्रवार को विवाहिता का ससुराल में संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के स्वजनों ने पति समेत ससुराल वालों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में जानकारी होने पर पहुंची गर्दनीबाग थाने की पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान रिमझिम कुमारी के रूप में हुई है। आरोपित का नाम प्रिंस कुमार है। गर्दनीबाग थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पांच साल पहले हुई थी शादी
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मूलतः लखीसराय की रहने वाली रिमझिम कुमारी का परिवार पटना के कदमकुआं इलाके में रहता है। रिमझिम की करीब पांच साल पहले गर्दनीबाग के धीराचक के रहने वाले प्रिंस कुमार से शादी हुई थी। मायके वालों का कहना है कि शादी के बाद ससुरालीजन दहेज की मांग कर रहे थे।
मायके वालों का आरोप, दहेज के लिए कर दी हत्या
आए दिन दहेज को लेकर लड़की को प्रताड़ित किया जाता था। फोनकर बेटी अक्सर मारपीट करने का आरोप भी लगाती थी। मायके वालों का कहना है कि दहेज को लेकर ही उनकी बेटी की शुक्रवार की रात हत्या कर दी गई। स्वजनों ने आरोप लगाया है कि विवाहिता को इतना पीटा गया की उसकी जान चली गई। घटना के बाद ससुराल वालों ने मायके वालों को घटना की सूचना दी। जब मायके वाले ससुराल पहुंचे तो ससुुराल वाले हत्या का कारण नहीं बता सके औऱ गोल-माल जवाब देने लगे। घटना के बाद मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। जानकारी पर पहुंची गर्दनीबाग थाने की पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, रिमझिम की मौत के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।