जेसा के महासचिव उपेंद्र चौधरी का नाथनगर हुआ स्थानांतरण
विद्युत कर्मियों के आंदोलन के बाद बिजली कंपनी ने डेढ़ दर्जन से अधिक अभियंताओं और पदाधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है।
पटना । विद्युत कर्मियों के आंदोलन के बाद बिजली कंपनी ने डेढ़ दर्जन से अधिक अभियंताओं और पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया है। विद्युत कंपनी अवर अभियंता संघ (जेसा) के महासचिव उपेंद्र कुमार चौधरी सहित कई इंजीनियर और पदाधिकारियों को ट्रांसफर कर दिया गया है।
उपेंद्र चौधरी का पटना के पाटलिपुत्र आपूर्ति प्रमंडल के राजापुर पुल प्रशाखा से नाथ नगर भागलपुर स्थानांतरण कर दिया गया है। जबकि नाथनगर से सतीश प्रसाद का पदस्थापन राजापुर पुल प्रशाखा में कर दिया गया है।
एसकेपुरी प्रशाखा में तैनात नवीन कुमार सिंह को रामगढ़ ट्रांसफर करते हुए उनकी जगह पर रामगढ़ से विजय कुमार को बुलाया गया है। तारकेश्वर कुमार को एक्जीबिशन रोड प्रशाखा से कहलगांव तथा कहलगांव से दीपक कुमार को एक्जीबिशन रोड बुलाया गया है। विकास कुमार का कार्यपालक अभियंता एकंगरसराय से सासाराम अंचल में एसटीएफ, एसटीएफ पश्चिम सर्किल राजीव रंजन का एकंगरसराय आपूर्ति प्रमंडल, भागलपुर अंचल एसटीएफ के कार्यपालक अभियंता प्रकाश कुमार झा का बांका आपूर्ति प्रमंडल, पंकज कुमार का आपूर्ति प्रमंडल बांका से औरंगाबाद के अलावा कई इंजीनियरों को ट्रांसफर किया गया है।
साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने मुख्यालय में पदस्थापित फाइनांस एंड एकाउंट के सीनियर मैनेजर अनूप कुमार को मगध एरिया बोर्ड गया तथा नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी मुख्यालय में भंडार क्रय प्रशाखा के प्रधान लिपिक विजय कुमार को तत्काल प्रभाव से विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल किशनगंज स्थानांतरण कर दिया गया है। बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी मुख्यालय में पदस्थापित कनीय सहायक कुमार अविलाश को संचरण प्रमंडल वीरपुर, लेखा पदाधिकारी मुकेश कुमार को पूर्णिया संचरण अंचल, लेखा पदाधिकारी स्निग्धा सोनी को संचरण असैनिक अंचल डेहरी-ऑन-सोन में पदस्थापित कर दिया गया है।