तीन दोस्तों को बचाने के बाद खुद गंगा में डूबा युवक, पटना के गंगा नदी में हुआ हादसा
मनेर के खासपुर गांव में गंगा नदी में स्नान के दौरान तीन दोस्तों को बचाने के बाद एक युवक आशुतोष कुमार खुद डूब गया।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
खासपुर में गंगा नदी में चार दोस्त स्नान कर रहे थे।
आशुतोष ने तीन दोस्तों को डूबने से बचाया, खुद डूबा।
लापता आशुतोष की तलाश जारी, परिवार सदमे में।
संवाद सूत्र, मनेर। मनेर थाना क्षेत्र के खासपुर गांव के सामने रविवार की दोपहर गंगा नदी में स्नान करने के दौरान चार युवक डूबने लगे।
इस दौरान एक युवक ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपने तीन दोस्तों को डूबने से बचा लिया, लेकिन लगातार प्रयास करने के कारण वह खुद थककर गहरे पानी में डूब गया।
घटना के बाद से उसकी तलाश जारी है।मिली जानकारी के अनुसार, खासपुर निवासी चार दोस्त आशुतोष, अरविंद, रंजन और प्रिंस रविवार की दोपहर गांव के सामने गंगा नदी में स्नान करने गए थे।
स्नान करने के दौरान अचानक तीन दोस्त गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोस्तों को डूबता देख आशुतोष उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गया।
उसने काफी मशक्कत के बाद तीनों दोस्तों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।तीनों दोस्तों को बचाने के बाद आशुतोष काफी थक गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया।
उसके साथ गए दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। लापता आशुतोष की पहचान खासपुर निवासी अमरनाथ राय के 23 वर्षीय पुत्र आशुतोष कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि बोधनाथ राय ने प्रशासन को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लापता युवक की तलाश शुरू कराई।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक एसडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। प्रशासन और ग्रामीणों की ओर से गंगा नदी में आशुतोष की तलाश की जा रही थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद गंगा घाट पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं, आशुतोष के लापता होने की सूचना के बाद उसके स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
