पटना में मुर्गा काटने वाले चाकू से प्रेमिका का गला रेता, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
पटना के कुरथौल में प्रेम प्रसंग के विवाद के बाद एक युवक ने अपनी प्रेमिका का गला मुर्गा काटने वाले ...और पढ़ें

चाकू से प्रेमिका का गला रेता (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पटना के कुरथौल में प्रेम प्रसंग विवाद खूनी वारदात में बदला।
राजकुमार यादव ने प्रेमिका का गला मुर्गा काटने वाले चाकू से रेता।
युवती गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, आरोपी राजकुमार फरार।
संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ। परसा बाजार थाना क्षेत्र के कुरथौल में सोमवार को प्रेम प्रसंग का विवाद खूनी वारदात में बदल गया। यादवचक निवासी भोला यादव के पुत्र राजकुमार यादव ने अपनी प्रेमिका को कुरथौल बुलाया और विवाद के बाद मुर्गा काटने वाले चाकू से उसका गला रेत दिया।
गला बुरी तरह कटने से युवती खून से लथपथ होकर मौके पर छटपटाने लगी। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वारदात के बाद आरोपित राजकुमार यादव फरार हो गया।
दो दिन पूर्व राजकुमार ने युवती को शॉपिंग कराई
बताया जाता है कि जहानाबाद निवासी युवती गांधी मैदान में किराये के मकान में रहती है। राजकुमार और युवती के बीच प्रेम प्रसंग था और दोनों की अक्सर मुलाकात होती थी।
दो दिन पूर्व राजकुमार ने युवती को शॉपिंग कराई थी और कपड़े भी खरीदवाए थे। सोमवार को गांधी मैदान में प्रदर्शन होने के कारण राजकुमार वहां नहीं जा सका। उसने युवती को कपड़े सिलवाने के लिए कुरथौल बुलाया था।
किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद
कपड़े सिलवाने से पहले दोनों की मुलाकात कुरथौल में एक मुर्गा दुकान के समीप हुई। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में राजकुमार ने दुकान में रखा मुर्गा काटने वाला चाकू उठा लिया और युवती को जमीन पर पटककर उसके गले पर वार कर दिया।
अचानक हुए हमले से युवती गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल युवती को अस्पताल पहुंचाया।
गांधी मैदान में किराये के मकान में रहती है लड़की
पूछताछ के दौरान युवती की हालत काफी गंभीर थी। उसने सिर्फ इतना बताया कि वह जहानाबाद की रहने वाली है और गांधी मैदान में किराये के मकान में रहती है। वह पढ़ाई करती है या कोई काम, इसकी जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी।
परसा बाजार थानाध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि राजकुमार यादव की तलाश की जा रही है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें- देवघर का प्रसाद हाथ में, जुबान पर एक ही बात... पटना में महिलाओं ने रिश्वतखोरी के खिलाफ क्यों छेड़ दिया अभियान?
