पटना में युवक की कनपटी पर सटाकर मारी गोली, अस्पताल में तोड़ा दम, 6 पर हत्या का मामला Patna News
पटना के सालिमपुर में सोमवार की रात एक युवक की नकपटी में सटाकर गोली मार दी गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गए। मंगलवार की सुबह घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई।
पटना, जेएनएन। राजधानी में सोमवार की रात सालिमपुर थाना क्षेत्र में एक युवक को बेखौफ बदमाशों ने कनपटी पर सटाकर गोली मारी दी। वारदात के बाद बदमाश युवक को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने युवक एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां मंगलवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। मामले में मृतक की पत्नी ने छह लोगों के खिलाफ सालिमपुर थाना क्षेत्र में हत्या करने का आरोप लगाते हुए एफआइआर दर्ज कराई है।
सालिमपुर थाना क्षेत्र के मिल्की गांव में गुड्डू यादव (26) अपने परिवार के साथ रहता था। सोमवार की रात गुड्डू किसी काम से घर से निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब 11 बजे बख्तियारपुर में कुछ बदमाश आए और उसकी कनपटी पर सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां मंगलवार की सुबह इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। मृतका की पत्नी ममता देवी ने सालिमपुर थाने में छह लोगों पर हत्या करने के आरोप में FIR दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में ममता ने कहा है कि उसके पति गुड्डू का कुछ लोगों से काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी को लेकर उसकी हत्या की गई। घटना के बाद परिजनों का रोे-रोकर बुरा हाल है। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपित अबतक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।