विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मान सरोवर झील के कायाकल्प से उत्साहित युवा बोले- सीएम राज्य के अंतिम छोर तक पहुंचा रहे पर्यटन विकास

Published: Wed, 11 Nov 2026 06:01 PM (IST)

बिहार सरकार ने सुपौल जिले के वीरपुर स्थित ऐतिहासिक मान सरोवर झील और पार्क का कायाकल्प किया है, जिससे स्थानीय ...और पढ़ें

News Article Hero Image

डिजिटल डेस्‍क, पटना, सुपौल। बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने और ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के विकास के लिए सरकार की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सुपौल जिले के वीरपुर स्थित वर्षों से उपेक्षित ऐतिहासिक मान सरोवर झील और पार्क परिसर का कायाकल्प किया गया है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को घूमने-फिरने के लिए एक बेहतर जगह मिलेगी, बल्कि इस क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार की इस पहल को स्थानीय युवा भी सराह रहे हैं। उनका मानना है कि नेपाल से सटे होने के कारण वीरपुर की मान सरोवर झील पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन सकती है। इससे आसपास के क्षेत्रों में विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

सुपौल जिले की रहने वाली पेशे से पत्रकार सृष्टि झा बताती हैं, "यहां पड़ोसी देश नेपाल और बिहार के अन्य जिलों से पर्यटकों के आने की अपार संभावनाएं हैं। सरकार की नजर राज्य के उन जिलों पर भी है, जो लगातार बाढ़ और सूखे से प्रभावित रहते हैं। यह काफी शानदार पहल है।"

गौरतलब है कि वीरपुर नगर क्षेत्र में बस स्टैंड के समीप वार्ड संख्या-09 में विकसित मान सरोवर झील को सोमवार, 9 नवंबर से आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। अब स्थानीय नागरिक और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले पर्यटक यहां सुबह-शाम बिना किसी शुल्क के टहलने और प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकेंगे।

आगामी 18 नवंबर को बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग के मंत्री इस महत्वाकांक्षी पर्यटन परियोजना का विधिवत उद्घाटन करेंगे। 10 नवंबर को क्षेत्र भ्रमण के दौरान पहुंचे पूर्व मंत्री सह छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने अधिकारियों के साथ झील का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने परियोजना से जुड़ी जानकारी साझा की।

युवाओं ने मुख्यमंत्री को कहा धन्यवाद, पर्यटन को लेकर जताई उम्मीद

मान सरोवर झील के विकास को लेकर स्थानीय युवाओं में भी उत्साह है। सुपौल जिले की लक्ष्मीनिया पंचायत के रहने वाले मिहिर कुमार पुणे में नौकरी करते हैं। उनका कहना है, "पर्यटन की दृष्टि से सुपौल जिला काफी पिछड़ा हुआ है। ऐसे में सरकार की यह पहल काफी शानदार है। इससे इस क्षेत्र का विकास भी होगा।"

वहीं, सुपौल के रहने वाले विपुल झा बताते हैं, "सुपौल के लोग छुट्टियां मनाने और घूमने-फिरने के लिए नेपाल जाते हैं। सरकार की इस पहल से अब नेपाल के लोग बिहार आएंगे। सुपौल पूरी तरह नदियों से घिरा हुआ है। पर्यटन की दृष्टि से यह जिला और भी बेहतर बन सकता है।"

1.75 किलोमीटर लंबा वाकिंग ट्रैक, फिलहाल प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क

मान सरोवर झील में मॉर्निंग वॉक और फिटनेस प्रेमियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसके चारों ओर 1.75 किलोमीटर लंबा पक्का वाकिंग ट्रैक बनाया गया है। फिलहाल झील में प्रवेश करने और टहलने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। हालांकि, भविष्य में बोटिंग और अन्य मनोरंजन सुविधाओं के सुचारु संचालन के लिए न्यूनतम शुल्क निर्धारित किया जाएगा।

विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू के मुताबिक, झील परिसर में स्थानीय लोगों के सुझाव लेने के लिए एक सुझाव पुस्तिका भी रखी जाएगी। लोग यहां उपलब्ध सुविधाओं और कमियों के संबंध में अपनी राय दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त सुझावों के आधार पर जरूरी सुधार करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मान सरोवर झील को बेहतर पर्यटन स्थल बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।

विदेशी पक्षियों और साइबेरियन बर्ड्स का भी बनेगा आकर्षण

मान सरोवर झील की एक खास विशेषता यहां आने वाले विदेशी प्रवासी पक्षी हैं। ठंड का मौसम शुरू होते ही यहां बड़ी संख्या में पक्षियों का आगमन होने लगता है। इनमें विशेष रूप से साइबेरियन बर्ड्स शामिल हैं। कुछ पक्षी पहुंच चुके हैं और आने वाले दिनों में इनकी संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

विधायक के अनुसार, इन पक्षियों को देखने के लिए देश-विदेश से बर्ड लवर्स आते हैं। उम्मीद है कि मान सरोवर झील के विकसित होने के बाद पक्षी प्रेमियों की आवाजाही भी बढ़ेगी। भविष्य में पक्षियों के संरक्षण के लिए भी काम किया जाएगा। साथ ही, पर्यटक इन्हें नजदीक से देख सकें, इसके लिए परिसर में कई बाइनाकुलर लगाए जाएंगे।

नेपाल से सटे होने के कारण वीरपुर की मान सरोवर झील में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। मान सरोवर झील के विकास से वीरपुर को एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में पहचान मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों को मनोरंजन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही सुपौल और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। नेपाल से आने वाले पर्यटकों के लिए भी यह एक नया आकर्षण बन सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।