विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में दैनिक जागरण की डांडिया नाइट में मल्लिका शेरावत ने बिखेरा जलवा; ‘जलेबी बाई’ से ‘लैला हो लैला’ तक लगे ठुमके

Published: Fri, 16 Oct 2026 11:19 PM (GMT+05:30)

दैनिक जागरण की डांडिया नाइट में बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत ने पटना में अपनी प्रस्तुति से समां बांधा। शारदीय नवरात्र ...और पढ़ें

न्‍यू पटना क्‍लब में दर्शकों के साथ सेल्‍फी लेतीं मल्‍ल‍िका शेरावत। जागरण

न्‍यू पटना क्‍लब में दर्शकों के साथ सेल्‍फी लेतीं मल्‍ल‍िका शेरावत। जागरण

HighLights

  1. मल्लिका शेरावत ने 'जलेबी बाई' सहित कई गानों पर प्रस्तुति दी।

  2. पारंपरिक परिधानों में सजे लोगों ने गरबा और डांडिया का खूब आनंद लिया।

  3. दैनिक जागरण की डांडिया नाइट ने पटना में उत्सव का रंग जमाया।

जागरण संवाददाता, पटना। डांडिया की खनक, संगीत की थाप और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे लोगों का उत्साह। शारदीय नवरात्र की शाम न्यू पटना क्लब में दैनिक जागरण की डांडिया नाइट ने उत्सव का रंग जमा दिया।

शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में बालीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। उनके मंच पर आते ही दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।

मल्लिका ने फिल्म डबल धमाल के गीत जलेबी बाई पर प्रस्तुति देकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद रंगीला मारो ढोलना, खइके पान बनारस वाला, ढम-ढम बाजे ढोल और लैला हो लैला जैसे गीतों पर उनके अंदाज ने खूब तालियां बटोरीं।

नीले रंग के लहंगे में सजी अभिनेत्री ने दर्शकों के साथ सेल्फी भी ली और दैनिक जागरण परिवार को डांडिया उत्सव की शुभकामनाएं दीं।

डांडिया की लय में घुला परंपरा और मनोरंजन का रंग

रोशनी से जगमगाते परिसर में पारंपरिक परिधानों में पहुंचे लोगों ने गरबा और डांडिया की धुनों पर देर रात तक कदम थिरकाए। गोल घेरे में घूमते लोगों और छड़ियों की खनक ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।

गायिका सुस्वाति मल्लिक और संगत कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। परिवारों और दोस्तों के साथ पहुंचे लोगों ने संगीत और नृत्य के बीच शाम को यादगार बनाया।

मंच संचालन कर रहीं एकता तिवारी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को बांधे रखा। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने मोबाइल में तस्वीरें और वीडियो बनाकर उत्सव के पलों को सहेजा।

Dandia 2

मां दुर्गा शक्ति और नारी सशक्तीकरण की प्रतीक : प्रणव कुमार

कार्यक्रम का उद्घाटन दैनिक जागरण के मुख्य महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, कला संस्कृति विभाग के मुख्य सचिव प्रणव कुमार, दैनिक जागरण के चीफ मैनेजर संजय सिंह, मार्केटिंग हेड संजय सिन्हा, एरिया मैनेजर अजय सिंह और मोनी त्रिपाठी ने किया।

प्रणव कुमार ने कहा कि मां दुर्गा शक्ति और नारी सशक्तीकरण की प्रतीक हैं। उनके हाथों में त्रिशूल बुराई से मुकाबले, जबकि शंख और कमल शांति एवं मंगल का संदेश देते हैं।

उन्होंने डांडिया उत्सव में लोगों की भागीदारी पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि आयोजन स्थल भीड़ के आगे छोटा पड़ गया। पश्चिमी भारत से शुरू हुआ डांडिया आज देशभर में सांस्कृतिक उल्लास का प्रतीक बन चुका है।

मां दुर्गा की आराधना से जुड़ी परंपरा और आधुनिक मनोरंजन के संगम ने राजधानी की इस शाम को खास बना दिया। मल्लिका शेरावत की प्रस्तुति के बाद भी स्थानीय कलाकारों और दर्शकों का उत्साह देर रात तक बना रहा।

यह भी पढ़ें- द्रौपदी का किरदार निभाने की ख्वाहिश, पटना में मल्लिका शेरावत ने खोले दिल के राज; तेज प्रताप यादव पर भी बोलीं