विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

द्रौपदी का किरदार निभाने की ख्वाहिश, पटना में मल्लिका शेरावत ने खोले दिल के राज; तेज प्रताप यादव पर भी बोलीं

Published: Fri, 16 Oct 2026 06:01 PM (IST)

फिल्म अभिनेत्री मल्लिका शेरावत ने पटना में अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि वह द्रौपदी का किरदार निभाना चाहती ...और पढ़ें

दैनिक जागरण कार्यालय में बात करतीं मल्‍ल‍िका शेरावत। जागरण

दैनिक जागरण कार्यालय में बात करतीं मल्‍ल‍िका शेरावत। जागरण

HighLights

  1. मल्लिका शेरावत द्रौपदी का किरदार निभाना चाहती हैं।

  2. उन्होंने तेज प्रताप यादव की बातचीत शैली की तारीफ की।

  3. बोल्ड फिल्मों के लिए मिली आलोचना पर भी बात की।

डिजिटल डेस्क, पटना। मर्डर गर्ल के नाम से मशहूर फिल्म अभिनेत्री मल्लिका शेरावत पर्दे पर अब तक कई बोल्ड किरदारों में नजर आ चुकी हैं।

लेकिन उनके मन में एक ऐसा किरदार निभाने की ख्वाहिश है, जो भारतीय इतिहास और पौराणिक कथाओं की सबसे सशक्त महिलाओं में गिना जाता है।

मल्लिका द्रौपदी का किरदार निभाना चाहती हैं। उनका मानना है कि द्रौपदी जितनी मजबूत महिला इतिहास में शायद ही कोई दूसरी हुई हो। 

शुक्रवार को दैनिक जागरण कार्यालय में पाठकों और दर्शकों से जुड़े सवालों के जवाब देते हुए मल्लिका ने अपनी पसंद, निजी जिंदगी, फिटनेस और फिल्मों में महिलाओं की छवि पर खुलकर बात की।

उन्होंने बिहार के प्रति अपना लगाव भी जाहिर किया। मल्लिका ने कहा कि बिहार उन्हें काफी पसंद है और यहां के लोगों से उन्हें भरपूर प्यार मिला है।

द्रौपदी का किरदार निभाने की है ख्वाहिश

मल्लिका शेरावत ने कहा कि वह द्रौपदी का किरदार निभाना चाहती हैं। उनके अनुसार, द्रौपदी एक बेहद मजबूत महिला थीं। उनका व्यक्तित्व, संघर्ष और परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता उन्हें खास बनाता है।

मल्लिका की यह इच्छा उनके प्रशंसकों के लिए दिलचस्प है, क्योंकि पर्दे पर अपनी बोल्ड छवि के लिए चर्चित रही अभिनेत्री अब एक ऐसे किरदार को निभाना चाहती हैं, जिसके व्यक्तित्व में साहस, स्वाभिमान और दृढ़ता जैसे कई पहलू हैं।

हालांकि, जब उनसे बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का किरदार निभाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि वह इस भूमिका में नहीं आना चाहतीं।

Mallika 1

तेज प्रताप यादव की तारीफ, महिलाओं के सम्मान की बात

तेज प्रताप यादव के साथ एक टीवी शो में नजर आ चुकीं मल्लिका ने उनकी बातचीत की शैली की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आम तौर पर राजनेता नपे-तुले जवाब देते हैं, लेकिन तेज प्रताप खुलकर अपनी बातें रखते हैं।

मल्लिका के मुताबिक, तेज प्रताप महिलाओं का काफी सम्मान करते हैं और चाहते हैं कि महिलाएं आगे बढ़ें। अभिनेत्री ने महिलाओं की स्वतंत्रता और उनके अधिकारों को लेकर भी अपनी बेबाक सोच जाहिर की।

बोल्ड फिल्मों के लिए झेलनी पड़ी आलोचना

मल्लिका शेरावत ने ख्वाहिश और मर्डर जैसी फिल्मों से हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई थी। इन फिल्मों में उनके बोल्ड दृश्यों को लेकर उस समय काफी चर्चा हुई थी।

अभिनेत्री ने बताया कि उन्हें इसके लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उस दौर में जिन लोगों ने उनके काम की आलोचना की थी, आज वे खुद को मूर्ख महसूस कर रहे होंगे।

उनका इशारा इस ओर था कि समय के साथ फिल्मों और मनोरंजन की दुनिया में बोल्ड विषयों को लेकर लोगों की सोच बदली है। आज ओटीटी पर बड़े-बड़े अभिनेता भी ऐसे किरदार निभा रहे हैं, जिन्हें कभी विवादित माना जाता था।

मल्लिका का मानना है कि बोल्ड महिलाओं को आज भी कई बार उनकी प्रतिभा के बजाय उनके कपड़ों और पहनावे के आधार पर आंका जाता है।

उन्होंने इस सवाल पर सहमति जताई कि महिलाओं के काम और व्यक्तित्व को समझने से पहले उनके पहनावे पर टिप्पणी करने की प्रवृत्ति अब भी मौजूद है।

Mallika 3

पर्दे पर बोल्ड, असल जिंदगी में शांत

अपनी छवि के बारे में बात करते हुए मल्लिका ने कहा कि पर्दे पर वह बोल्ड नजर आती हैं, लेकिन असल जिंदगी में बेहद शांत और सादगी से रहने वाली इंसान हैं।  

शादी के सवाल पर उनका जवाब भी उतना ही स्पष्ट था। मल्लिका ने कहा कि वह शादी नहीं कर सकतीं, क्योंकि उन्हें अपनी आजादी प्रिय है। 

फिटनेस का मंत्र है अनुशासन, नियमित करती हैं योग

अपनी फिटनेस का राज बताते हुए मल्लिका ने अनुशासन को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि फिट रहने के लिए केवल व्यायाम करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि खान-पान, सोने और जागने के समय से लेकर पूरी दिनचर्या में अनुशासन बनाए रखना जरूरी है।

वह नियमित रूप से योग करती हैं और अपनी डाइट से लेकर दैनिक गतिविधियों तक में अनुशासन का पालन करने की कोशिश करती हैं।

उनके अनुसार, फिटनेस किसी एक दिन की मेहनत का नतीजा नहीं, बल्कि नियमित आदतों और जीवनशैली से जुड़ी है।

बिहार की धरती को बताया ज्ञान और योग की भूमि

मल्लिका शेरावत ने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ज्ञान, विज्ञान और योग के लिहाज से बेहद समृद्ध है। पटना प्रवास के बाद वह योग नगरी मुंगेर और ज्ञान की भूमि नालंदा भी जाएंगी।

बिहार के खान-पान का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वह लिट्टी-चोखा का आनंद भी उठा चुकी हैं। बिहार के प्रति अपने लगाव और यहां के लोगों से मिले स्नेह का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस राज्य से उन्हें खास जुड़ाव महसूस होता है।