व्यवसायी के घर 12 लाख रुपये की चोरी का खुलासा, नौकरानी के घर से मिले सारे सामान Patna News
मंगलवार को राजधानी में व्यवसायी के घर से 12 लाख रुपये की संपत्ति चोरी करने के आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पटना, जेएनएन। कोतवाली थानाक्षेत्र के बंदर बगीचा की राजस्थान कॉलोनी निवासी व्यवसायी राजकुमार अग्रवाल के घर पांच नवंबर को 12 लाख रुपये रुपये की चोरी करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को धर दबोचा। इनमें व्यवसायी का पूर्व कर्मचारी रोहित कुमार और नौकरानी सोनू देवी भी शामिल हैं।
नौकरानी ने वारदात में लाइनर की भूमिका अदा की थी। घटना की सूचना मिलने के तीन घंटे के अंदर पुलिस ने सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ चोरी गया हरेक सामान बरामद कर लिया। इसकी जानकारी शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने दी।
अग्रवाल की है रंगोली नामक दुकान
राजकुमार अग्रवाल की फ्रेजर रोड में रंगोली नामक कपड़ों की दुकान है। वह रोज की तरह गुरुवार की शाम में दुकान गए थे। उनके घर पर ताला लगा था। रात करीब 9 बजे घर लौटे तो देखा कि मेन गेट का ताला कटा है। घर से हीरे व सोने के गहने, नकदी और कीमती सामान मिलाकर 12 लाख रुपये की संपत्ति चोरी गई है। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस को इत्तिला दी। एएसपी (विधि-व्यवस्था) स्वर्ण प्रभात ने खुद मोर्चा संभाल लिया और तहकीकात शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा रोहित
पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला तो उसमें रोहित (अदालतगंज) दिखा। अग्रवाल ने रोहित को पहचान लिया। करीब एक साल पहले उसे चोरी के आरोप में ही निकाला गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे उठाया और तफ्तीश शुरू की। सख्ती ने पूछताछ करने पर उसने जुर्म कबूल लिया और कमला नेहरू नगर स्थित सोनू देवी के घर लेकर चला गया। सोनू के घर से गहने और 11 हजार नकदी बरामद हुई। उसकी निशानदेही पर ड्राइवर कॉलोनी स्थित रोहित राज को गिरफ्तार किया गया। उसके घर से कैमरा और कुछ गहने मिले। इसके बाद विक्की उर्फ गब्बर, निक्की और मुकुंद की गिरफ्तारी हुई।