न कीड़ा लगता है और न दवाई का झंझट: जानिए कौन सी है यह फसल, जिससे मधेपुरा के किसान कमा रहे 2 लाख रुपए प्रति एकड़
मधेपुरा के किसान गुलाब मेहता ने पारंपरिक खेती छोड़ ओल की खेती अपनाई है। वे प्रति एकड़ डेढ़ से दो लाख रुपये का मुनाफा कमा रहे हैं, जो अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन रहा है।
-1795358975927_m.webp)
बिहार सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने पर काम कर रही है।
HighLights
मधेपुरा के किसान गुलाब मेहता ने ओल की खेती अपनाई।
प्रति एकड़ डेढ़ से दो लाख रुपये का मुनाफा कमा रहे।
यह फसल कम जोखिम और बिना बीमारी वाली है।
डिजिटल टीम, पटना। कोसी प्रक्षेत्र के मधेपुरा जिले में आमतौर पर किसान धान और गेहूं की पारंपरिक खेती पर ही निर्भर रहते हैं। लेकिन मुरलीगंज प्रखंड के बंधा गांव के रहने वाले किसान गुलाब मेहता ने लीक से हटकर कुछ नया करने की ठानी। उन्होंने ओल की खेती को चुना और आज अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि सही तरीका अपनाया जाए, तो खेती भी एक बेहद फायदेमंद सौदा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ नकदी फसलों और आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर खास जोर दे रही है। इसका सीधा असर गुलाब मेहता जैसे किसानों की बढ़ती आमदनी में साफ दिख रहा है।
1 किलो बीज से 3 किलो की पैदावार, कोई बीमारी नहीं
साल 2012 में ओल की खेती की शुरुआत करने वाले गुलाब मेहता आज अपनी तीन एकड़ जमीन में इसकी खेती कर रहे हैं। वह बताते हैं कि इस फसल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें मेहनत और जोखिम दोनों कम हैं। गुलाब मेहता कहते हैं, "यह ओल की फसल है और इसमें 1 किलो का बीज लगाने पर कम से कम 3 किलो उपज जरूर निकलती है, कई बार इससे ऊपर भी हो जाता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें अभी तक किसी तरह की बीमारी नहीं आई है, इसलिए किसी दवाई का इस्तेमाल नहीं करना पड़ता।"
6 महीने में तैयार फसल, डेढ़ से दो लाख की बचत
खेती के तरीके और मुनाफे के बारे में बात करते हुए वह बताते हैं कि इसमें गोबर और मिट्टी चढ़ाने के समय डीएपी, यूरिया और पोटाश जैसी जरूरी खाद का इस्तेमाल किया जाता है। छह महीने पूरे होते ही फसल की खुदाई शुरू हो जाती है और सातवें महीने तक काम पूरा हो जाता है। कमाई के बारे में बताते हुए गुलाब मेहता कहते हैं, "एक एकड़ में सारा खर्च काटने के बाद भी लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये का मुनाफा हो जाता है।"
आत्मा के सहयोग से बढ़ी रफ्तार
गुलाब मेहता की इस लगातार सफलता में कृषि विभाग,आत्मा की भी बड़ी भूमिका रही है। उन्हें समय-समय पर ओल की खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारी और जरूरी सुझाव मिलते रहते हैं, जिससे उनकी फसल की गुणवत्ता और पैदावार दोनों बेहतर हुई है। मधेपुरा के बंधा गांव से निकली गुलाब मेहता की यह कहानी आज आसपास के दूसरे किसानों के लिए भी प्रेरणा बन गई है। यह बताती है कि जब किसान की मेहनत को सही तकनीक और सरकारी मार्गदर्शन का साथ मिलता है, तो खेत से ही खुशहाली का रास्ता खुल जाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।