विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

London Bridge अब पटना में! यारपुर-मीठापुर में दिखेगा चलता हुआ वाहन, मां दुर्गा के दरबार में राम-रावण युद्ध होंगे आकर्षण

Published: Thu, 08 Oct 2026 12:36 PM (IST)

इस बार पटना में दुर्गापूजा के दौरान यारपुर-मीठापुर में लंदन ब्रिज की तर्ज पर भव्य पंडाल बनाया जा रहा है, ...और पढ़ें

लंदन ब्रिज के साथ दिखेगा राम-रावण का युद्ध

लंदन ब्रिज के साथ दिखेगा राम-रावण का युद्ध

HighLights

  1. यारपुर-मीठापुर में लंदन ब्रिज थीम पर भव्य पंडाल।

  2. पंडाल में राम-रावण युद्ध का जीवंत प्रदर्शन होगा।

  3. जयप्रकाश नगर में 30 फीट ऊंचा शिवलिंग पंडाल आकर्षण।

जागरण संवाददाता, पटना। इस बार दुर्गापूजा में राजधानी पटना के श्रद्धालुओं को लंदन ब्रिज का दीदार करने के लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यारपुर-मीठापुर में लंदन ब्रिज की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है।

पंडाल के ऊपर गाड़ी चलती हुई दिखाई देगी, जो श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनेगी। झारखंड के मधुपुर से आए कारीगर इसे अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

लंदन ब्रिज के साथ दिखेगा राम-रावण का युद्ध

श्री श्री शिव मंदिर नवयुवक संघ दुर्गापूजा समिति की ओर से तैयार किए जा रहे पंडाल में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित होगी।

इसके साथ भगवान राम, रावण, हनुमान और राक्षसों की चलती-फिरती प्रतिमाएं भी लगाई जाएंगी। इन प्रतिमाओं को विशेष तकनीक के जरिए तैयार किया जा रहा है। पंडाल और आसपास की सजावट के लिए हाजीपुर से लाइटिंग टीम बुलाई जा रही है।

यारपुर से गोरिया मठ तक जगमगाएगा रास्ता

यारपुर से गोरिया मठ तक आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। समिति के मुताबिक यहां आजादी से पहले से दुर्गापूजा का आयोजन होता आ रहा है।

पिछले पांच-छह वर्षों में पूजा के स्वरूप और भव्यता में लगातार विस्तार हुआ है। इस बार पंडाल और पूजा आयोजन पर करीब 12 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

जयप्रकाश नगर में 30 फीट ऊंचा शिवलिंग

यारपुर के साथ जयप्रकाश नगर में भी श्रद्धालुओं के लिए अलग थीम तैयार की जा रही है। पुरानी आरा मशीन के पास 30 फीट ऊंचे शिवलिंग की थीम पर पंडाल बनाया जा रहा है।

श्री श्री शिव मंदिर दुर्गापूजा समिति नवयुवक संघ क्लब की ओर से यहां दूसरी बार पूजा का आयोजन होगा। इस बार पंडाल से लेकर प्रतिमा और लाइटिंग तक की पूरी थीम सफेद रखी गई है।

बंगाली शैली में तैयार हो रही मां दुर्गा की प्रतिमा

जयप्रकाश नगर में मां दुर्गा की प्रतिमा बंगाली शैली में तैयार की जा रही है। स्थानीय कलाकार अभिषेक कुमार प्रतिमा को आकार दे रहे हैं।

प्रतिमा में मां दुर्गा को राक्षसों का संहार करते हुए दिखाया जाएगा। यहां पूजा आयोजन पर करीब पांच लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

नवमी के भंडारे में जुटेंगे 10 हजार श्रद्धालु

जयप्रकाश नगर पूजा समिति की ओर से नवमी के दिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति को उम्मीद है कि इसमें 10 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचेंगे।

वहीं दोनों पूजा स्थलों पर सप्तमी को खिचड़ी, अष्टमी को हलवा-चना और नवमी को खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

दर्शन के लिए अलग-अलग कतार, सुरक्षा के भी इंतजाम

प्रतिमा का पट खुलने के बाद हर दिन श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण होगा। पंडाल में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार बनाई जाएगी।

पूजा समिति के सदस्य भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए मौजूद रहेंगे। इस बार थीम, रोशनी और प्रतिमाओं का ऐसा संयोजन तैयार किया जा रहा है, जो दुर्गापूजा में पटना के लोगों के लिए खास आकर्षण बनेगा।