Lok Sabha Election Results: बिहार में मोदी कैबिनेट के सभी मंत्री जीते, गिरिराज सिंह ने बनाया रिकॉर्ड
Lok Sabha Election Results बिहार में मोदी कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने अपनी जीत दर्ज की है जिसमें से गिरिराज सिंह ने जीत का रिकॉर्ड बनाया है। जानिए
पटना, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 के नतीजों में एनडीए भारी बहुमत से जीती है। वहीं, देश के मतदाताओं ने मोदी सरकार के काम-काज के साथ ही विकास की राजनीति पर अपनी मुहर लगाई है। इस बात का सबसे बड़ा सबूत ये भी है कि बिहार सरकार में पीएम मोदी के मंत्रिपरिषद के सभी उम्मीदवारों ने बड़ी जीत हासिल की है। बिहार के इन पांच केंद्रीय मंत्रियों को जनता ने संसद भेजने के लिए अपना वोट दिया है।
बेगूसराय में पीएम मोदी की कैबिनेट के मंत्री गिरिराज सिंह ने जहां चार लाख 22 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल की है। वहीं, आरा से मोदी कैबिनेट के मंत्री आरके सिंह ने भी डेढ़ लाख से अधिक मतों से जीत हासिल की है, जबकि पूर्वी चम्पारण से केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने दो लाख 70 हजार से अधिक वोटों से अपने निकटतम प्रत्याशी को परास्त किया है।
पटना साहिब की बात करें तो यहां से रविशंकर प्रसाद ने भी लगभग दो लाख 50 हजार मतों के अंतर से पूर्व सांसद और कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा को चित कर दिया है तो दूसरी तरफ, पाटलिपुत्र संसदीय सीट से कैबिनेट मंत्री राम कृपाल यादव ने भी अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए लगभग 50 हजार मतों से लालू यादव की बेटी मीसा भारती को एक बार फिर से मात दे दी है।
वहीं, मोदी कैबिनेट के पांचवें सदस्य और बक्सर से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले कद्दावर नेता अश्विनी चौबे ने राजद के वरिष्ठ नेता जगदानंद सिंह को डेढ़ लाख मतों से हराया है। बता दें कि बिहार में लोकसभा की 40 सीटों पर चुनाव हुए थे, जिसके नतीजे कल घोषित हुए और 40 में से 39 सीटों पर एनडीए ने अपनी जीत दर्ज की और महागठबंधन ने मात्र एक सीट पर जीत हासिल की है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप