बिहार के मरीजों के लिए बड़ी राहत, LNJP की नई बिल्डिंग में OPD सेवा शुरू
राजधानी पटना के एलएनजेपी हड्डी अस्पताल के नवनिर्मित भवन के हैंडओवर विवाद के बाद स्वास्थ्य विभाग के हस्तक्षेप से ओपीडी सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं।

एलएनजेपी अस्पताल में ओपीडी सेवा शुरू। फोटो जागरण
HighLights
एलएनजेपी अस्पताल के नए भवन के हैंडओवर पर विवाद हुआ था।
स्वास्थ्य विभाग और BMSICL के हस्तक्षेप से समस्या का समाधान।
ओपीडी सहित प्रमुख चिकित्सा सेवाएं अब सुचारु रूप से उपलब्ध हैं।
जागरण संवाददाता, पटना। राजवंशीनगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) हड्डी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल के नवनिर्मित भवन को पूरी तरह तैयार किए बिना हैंडओवर लेने को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद मरीजों की परेशानी बढ़ गई थी। मामले में स्वास्थ्य विभाग के हस्तक्षेप के बाद सुविधाएं आरंभ हो गई।
बताया जाता है कि जरूरी कार्य और सुविधाएं पूरी नहीं होने के कारण भवन का हैंडओवर लेने से इन्कार किया गया। इसके बाद भवन में बिजली, एसी, शौचालय और आने-जाने का रास्ता बंद कर दिए जाने से OPD को पुराने भवन में शिफ्ट करना पड़ा था।
अस्पताल के 400 बेड वाले आर्थोपेडिक एवं न्यूरो सुपरस्पेशियलिटी भवन का लोकार्पण 25 जुलाई को हुआ था। भवन में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जानी हैं।
इनमें 42 आइसीयू बेड, छह मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, 24 घंटे आपातकालीन सेवा, उन्नत रेडियोलॉजी और रिहैबिलिटेशन जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
एलएनजेपी अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कुमार चौधरी के अनुसार, निर्माण एजेंसी की ओर से आवश्यक उपकरण और अन्य कार्य पूरे किए बिना भवन को संस्थान को हैंडओवर करने को कहा गया था। अस्पताल प्रशासन ने इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग से मार्गदर्शन मांगा था।
BMSICL एमडी ने अस्पताल पहुंचकर की समीक्षा
मामले की जानकारी मिलने के बाद बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कारपोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआइसीएल) के प्रबंध निदेशक ने अस्पताल का दौरा किया।
उन्होंने अस्पताल के निदेशक और संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बैठक के बाद सोमवार को ही उत्पन्न समस्या का समाधान कर दिया गया।
सभी प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू : विभाग
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि एलएनजेपी अस्पताल में ओपीडी, फिजियोथेरेपी, आक्यूपेशनल थेरेपी समेत अन्य प्रमुख चिकित्सा सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। मरीजों को इलाज में परेशानी नहीं हो, इसे प्राथमिकता दी जा रही है।
विभाग के अनुसार, नए भवन से संबंधित कुछ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया अभी जारी है। अस्पताल प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के समन्वय से सभी आवश्यक कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं।
मानव संसाधन व उपकरण उपलब्ध कराने पर जोर
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य आवश्यक मानव संसाधनों की उपलब्धता के साथ उपकरणों और दूसरी जरूरी सुविधाओं को भी सुनिश्चित किया जा रहा है। नए भवन की शेष व्यवस्थाओं को पूरा करने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
