सोलर पैनल लगाने पर मिलेंगे 98000; केंद्र के साथ बिहार सरकार देगी मदद, भागलपुर में 1193 घरों में लगे, ऐसे करें आवेदन
PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana Bihar: बिहार सरकार ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर ...और पढ़ें
-1790132705186_m.webp)
PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana Bihar: भागलपुर में 15 हजार का लक्ष्य
HighLights
बिहार सरकार दे रही पीएम सूर्य घर योजना में अतिरिक्त सहायता।
3 किलोवाट सोलर सिस्टम पर कुल 98,000 रुपये की सब्सिडी।
भागलपुर में अब तक 1,193 घरों में सोलर पैनल स्थापित।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana Bihar: प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित करने वाले उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। योजना के तहत उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की तय सब्सिडी के साथ-साथ अब बिहार सरकार की ओर से भी अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जा रही है।
मंगलवार को ऊर्जा विभाग द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में बिहार के 25 हजार चयनित लाभार्थियों के बैंक खातों में अतिरिक्त राज्य वित्तीय सहायता की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ पटना से किया गया, जहां से राज्य के सभी जिलों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा गया था।
भागलपुर एनआईसी कक्ष से सांसद अजय मंडल, जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रवि राकेश सहित विद्युत विभाग के कई वरीय पदाधिकारी इस वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल हुए। इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर स्वच्छ व हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना और आम नागरिकों के बिजली बिल के खर्च को शून्य के करीब लाना है।
तीन किलोवाट के सिस्टम पर मिलेंगे 98 हजार रुपये
योजना के तहत स्थापित किए जाने वाले रूफटॉप सोलर सिस्टम की क्षमता के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार मिलकर आर्थिक मदद मुहैया करा रही हैं। यदि कोई उपभोक्ता 1 किलोवाट का सोलर पैनल लगाता है, तो उसे केंद्र सरकार से 30 हजार और बिहार सरकार से 10 हजार, यानी कुल 40 हजार रुपये की सहायता मिलेगी।
सब्सिडी का गणित: केंद्र और बिहार सरकार की हिस्सेदारी
1 किलोवाट सिस्टम: कुल ₹40,000 सहायता (केंद्र: ₹30,000 | राज्य: ₹10,000)
2 किलोवाट सिस्टम: कुल ₹80,000 सहायता (केंद्र: ₹60,000 | राज्य: ₹20,000)
3 किलोवाट सिस्टम: कुल ₹98,000 सहायता (केंद्र: ₹78,000 | राज्य: ₹20,000)
पात्रता शर्तें: भारतीय नागरिकता, छत पर पर्याप्त धूप वाली जगह, वैध घरेलू बिजली कनेक्शन व मीटर, और पूर्व में किसी सौर सब्सिडी का लाभ न लिया हो।
वहीं, 2 किलोवाट क्षमता के सिस्टम पर केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार और राज्य सरकार की ओर से 20 हजार रुपये मिलाकर कुल 80 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। 3 किलोवाट के सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार से सर्वाधिक 78 हजार और राज्य सरकार से 20 हजार रुपये की अतिरिक्त मदद मिलेगी। इस तरह 3 किलोवाट का प्लांट लगाने पर उपभोक्ता को कुल 98 हजार रुपये तक का सीधा वित्तीय अनुदान प्राप्त होगा।
भागलपुर में 15 हजार का लक्ष्य, 1193 घरों में लगे सोलर पैनल
भागलपुर जिले के लिए विद्युत विभाग ने 15 हजार घरों की छतों पर सोलर संयंत्र लगाने का लक्ष्य तय किया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक 2,512 उपभोक्ताओं ने योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इनमें से 2,149 उपभोक्ताओं ने अपनी पसंद के वेंडर का चयन कर प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है, जबकि 1,193 घरों में सोलर पैनल सफलतापूर्वक स्थापित कर ग्रिड से जोड़े जा चुके हैं।
कैसे मिलेगा लाभ और क्या है आवेदन प्रक्रिया?
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का भारतीय नागरिक होना आवश्यक है। साथ ही घर की छत पर पर्याप्त छाया-मुक्त स्थान, वैध घरेलू विद्युत कनेक्शन और चालू मीटर होना अनिवार्य है। इसके अलावा आवेदक ने पूर्व में किसी अन्य सरकारी योजना के तहत सोलर सब्सिडी का लाभ न लिया हो।
इच्छुक उपभोक्ता 'पीएम सूर्य घर' के आधिकारिक नेशनल पोर्टल पर जाकर अपना बिजली उपभोक्ता संख्या दर्ज कर पंजीकरण कर सकते हैं। विद्युत वितरण कंपनी से तकनीकी व्यवहार्यता स्वीकृति (टेक्निकल फिजिबिलिटी अप्रूवल) मिलने के बाद पोर्टल पर सूचीबद्ध वेंडर से सोलर पैनल लगवा सकेंगे। संयंत्र की स्थापना और नेट मीटर लगाए जाने के बाद संबंधित दस्तावेज और बैंक पासबुक पोर्टल पर अपलोड करते ही पूरी सब्सिडी राशि सीधे उपभोक्ता के खाते में क्रेडिट कर दी जाएगी।
