चिराग और पारस दोनों में किसी के मंच पर एक सांसद नहीं आएगा नजर, बिहार में पार्टी बता रही ये वजह
Chirag Vrs Paras in LJP लोजपा में हुई टूट के बाद इससे पहले भी इस सांसद को किसी गुट के मंच पर नहीं देखा गया है। पार्टी का एक गुट इसके लिए वजह भी बता रहा है। हालांकि उनकी गैरमौजूदगी को लेकर चर्चाएं और भी कई तरह की हैं।
पटना, राज्य ब्यूरो। लोजपा के दो गुटों में बंटने के बाद राम विलास पासवान की जयंती के बहाने चिराग पासवान और उनके चाचा पशुपति पारस दोनों ताकत दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच एक दिलचस्प बात यह है कि लोजपा के कुल छह सांसदों में एक सांसद दिवंगत नेता की जयंती के मौके पर किसी भी गुट के मंच पर दिखाई नहीं देगा। लोजपा में हुई टूट के बाद इससे पहले भी इस सांसद को किसी गुट के मंच पर नहीं देखा गया है। पार्टी का एक गुट इसके लिए वजह भी बता रहा है। हालांकि उनकी गैरमौजूदगी को लेकर चर्चाएं और भी कई तरह की हैं। मसले को ठीक से समझने के लिए पढि़ए पूरी खबर...
पारस गुट प्रदेश कार्यालय में मना रहा जयंती
लोजपा (पारस गुट) के प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल ने बताया कि पार्टी प्रमुख पशुपति कुमार पारस के नेतृत्व में संगठन का जल्द ही विस्तार होगा। पार्टी में हर कार्यकर्ता को पूरा सम्मान मिलेगा। पार्टी मुख्यालय में रामविलास पासवान की जयंती समारोह में कोविड-10 प्रोटोकाल का ध्यान रखते हुए कोई भाषण नहीं होगा। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए लोग कतार में आएंगे और उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धाजंलि देकर मुख्य द्वार से बाहर निकलते जाएंगे, जहां पर उन्हें फूड पैकेट और पानी का बोतल दिया जाएगा।
शहरबन्नी में भी होगा कार्यक्रम का आयोजन
प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल ने बताया कि रामविलास पासवान का पैतृक गांव खगडिय़ा जिला के शहरबन्नी में भी जयंती समारोह का बड़ा आयोजन किया गया है। रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय महासचिव विरेश्वर सिंह, केशव सिंह, दलित सेना के अध्यक्ष अम्बिका प्रसाद बिनू व ललन चंद्रवंशी समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। सांसद चौधरी महबूब अली कैसर, बीणा देवी, चन्दन सिंह सांसद समेत अन्य पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक समेत सभी पदाधिकारी कार्यकम में मौजूद रहेंगे। तबीयत खराब रहने की वजह से सांसद प्रिंस राज कार्यक्रम में नहीं आ पाएंगे।
एक लड़की के साथ विवाद में फंसने के बाद लापता!
प्रिंस राज पर दिल्ली की एक लड़की ने शोषण का आरोप लगाया है। यह लड़की लगातार लोजपा सांसद पर कानूनी कार्रवाई के लिए जोर लगाए हुए है। हालांकि उसके खिलाफ लोजपा सांसद ने भी ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। लड़की और लोजपा सांसद ने दोनों ने माना है कि उनके बीच काफी नजदीकी संबंध था। इस मसले में लड़की जहां शोषण कर मुंह मोड़ लेने का आरोप लगा रही है, वहीं लोजपा सांसद का कहना है कि उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए ट्रैप किया गया। लोजपा में टूट के बाद चिराग ने भी इस मसले का जिक्र किया था। आपको बता दें कि लोजपा में टूट के ऐलान के बाद प्रिंस किसी मंच पर नहीं दिखे हैं। उन्हें लगातार ही बीमार बताया जा रहा है।