बिहार: LJP ने किया दावा, पुरानी बातें भूल जल्द केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होगा JDU
लोजपा नेता पशुपति पारस ने दावा किया है कि जल्द ही जदयू केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं प्रयास करूंगा कि भाजपा और जदयू पुरानी बातों को भूल जाए।
पटना, जेएनएन। बिहार लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद पशुपति कुमार पारस ने दावा किया है कि जदयू जल्द ही केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि छह महीने के अंदर फिर से केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि भाजपा और जदयू दोनों पुरानी बातों को भूल जाएं और मजबूती से बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ें।
पारस ने कहा कि लोजपा नीतीश कुमार को मनाने की पूरी कोशिश कर रही है और हमें 100 प्रतिशत उम्मीद है कि जदयू केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि गलती दोनों पक्षों से हुई है। विधान सभा के चुनाव में भी हमें एक जुटता दिखाना है और 200 से 205 सीटें जीतनी हैं।
पारस ने कहा कि नीतीश कुमार जी ने पहले भी कहा है कि हम एनडीए के साथ हैं और गठबंधन का ही हिस्सा रहेंगे। एेसे में विधानसभा का चुनाव हम मजबूती के साथ लड़ेंगे जैसा हमने लोकसभा का चुनाव लड़ा और तीनों दलों ने मिलकर सफलता पाई है। एेसे ही आगे भी मजबूती से बने रहेंगे।
बता दें कि लोकसभा में मिली जीत के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट मंत्रियों को पद बांटे लेकिन नीतीश कुमार केंद्रीय कैबिनेट में दो मंत्री पद चाह रहे थे। लेकिन भाजपा जदयू को एक से अधिक पद देने को तैयार नहीं थी। जिसके कारण जदयू ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने से इन्कार कर दिया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप