Move to Jagran APP

Highlights बिहार पंचायत मुखिया चुनाव: पटना, मधेपुरा और बेगूसराय में गरजीं बंदूकें, आखिरी चरण का मतदान जारी

Highlights Bihar Panchayat Mukhia Chunav 2021 बिहार में पंचायत चुनाव के 11वें और आखिरी चरण के मतदान से ठीक पहले हिंसा और आचार संहिता के उल्‍लंघन की घटनाएं हुई हैं। पटना और मधेपुरा में मुखिया वार्ड सदस्‍य और दारोगा सहित चार लोगों की हत्‍या कर दी गई है।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Published: Sun, 12 Dec 2021 06:57 AM (IST)Updated: Sun, 12 Dec 2021 05:08 PM (IST)
Highlights बिहार पंचायत मुखिया चुनाव: पटना, मधेपुरा और बेगूसराय में गरजीं बंदूकें, आखिरी चरण का मतदान जारी
Highlights Updates of Bihar Panchayat Chunav: बिहार में पंचायत चुनाव का मतदान शुरू। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना, जागरण टीम। Bihar Panchayat Mukhia Chunav Updates: बिहार में पंचायत चुनाव के 11वें और आखिरी चरण के मतदान से ठीक पहले हिंसा और आचार संहिता के उल्‍लंघन की घटनाओं ने लोगों को डरा दिया। पटना जिले के बाढ़ में एक नवनिर्वाचित मुखिया और दारोगा की जबकि इसी जिले के नौबतपुर में एक वार्ड सदस्‍य की हत्‍या कर दी गई। मनेर प्रखंड में एक मुखिया प्रत्‍याशी की स्‍कार्पियो गाड़ी को बदमाशों ने जला डाला। आपको बता दें कि बाढ़ और नौबतपुर में पहले ही चुनाव हो चुका है, जबकि मनेर में आज ही मतदान हो रहा है। मधेपुरा में भी चुनावी रंजिश में वार्ड सदस्‍य प्रत्‍याशी की हत्‍या कर दी गई है। यहां दो पक्षों के बीच भीषण गोलीबारी की खबर है। मतदान से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए बने रहिए इस खबर के साथ।

loksabha election banner

Bihar Panchayat Chunav 2021 Highlights:

04.22 PM-  पंचात चुनाव के आखिरी चरण को लेकर वोटिंग जारी है। बूथों पर अपने मत का प्रयोग करने के लिए मतदाता कतार में खड़े हैं।

03.57 PM-सिवान में पंचायत चुनाव के आखिरी चरण की वोटिंग को लेकर वोटरों में उत्साह है। जिले में तीन बजे तक 49.70 प्रतिशत मतदान हुआ।

2.55 PM- गांव की सरकार चुनने में आधी आबादी वोटिंग के लिए बड़ी तादाद में निकलीं हैं। धूप के साथ ही बूथों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

01.50 PM - बेगूसराय के नयागांव में चुनावी रंजिश को लेकर नयागांव निवासी अवनीश कुमार को गोली मार दी गई। स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार गांव के अपराधी चंदन कुमार और अवनीश ने विवाद हुआ था। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले की जांच की है। बताते चलें की चुनाव बाद मटिहानी व नयागांव थाना क्षेत्र में चुनाव बाद दूसरी बड़ी वारदात है। 10 दिन पूर्व हुए नयागांव थानाक्षेत्र में सोनापुरा डीह निवासी युवक कुणाल कुमार उर्फ दिल्लू की हत्या चुनावी रंजिश में कई गयी है, अपराधी पुलिस पकड़ से बाहर है।

12.50 PM - बेगूसराय  जिले के नयागांव थाना क्षेत्र के नयागांव में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। इसमें महेंद्र सिंह के 52 वर्षीय पुत्र अवनीश कुमार सिंह को गोली लग गई। घायल अवस्था में अवनीश कुमार सिंह को बेगूसराय के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां इलाज चल रहा है। घटना से संबंधित प्राथमिकी अभी नयागांव थाना में दर्ज नहीं हुई है।

12.30 PM - सिवान जिले के जीरादेई प्रखंड के राजवंशी देवी उच्च विद्यालय सह राजकीय इंटर कॉलेज ठेपहा में बूथ सख्या 56 पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई है। इस जिले के दरौली प्रखंड में 11 बजे तक 18 प्रतिशत मतदान हो चुका है। इसी जिले के जीरादेई प्रखंड में 11 बजे तक 22.86  प्रतिशत मतदान हुआ है।

11.30 AM - बिहार में अब तक संपन्‍न हुए पंचायत चुनाव के सभी 10 चरणों के मुकाबले इस बार अधिक चुनावी हिंसा हुई है। हालांकि इसमें वैसे इलाके भी शामिल हैं, जहां चुनाव पहले ही संपन्‍न हो चुका है। उदाहरण के लिए पटना जिले के नौबतपुर और बाढ़ में चुनाव जीत चुके उम्‍मीदवारों को निशाना बनाया गया है।

10.45 AM - सिवान जिला के दरौली प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय पिहुली मतदान केंद्र 214 पर एक शख्‍स की पुलिस के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर असांव थाना ले जाया गया। सारण जिला के दरियापुर प्रखंड में मतदान करने के लिए वोटरों की लंबी लाइन लगी हुई है।

10.15 AM - सारण जिला के दरियापुर प्रखंड में मतदान करने के लिए वोटरों की लंबी लाइन लगी हुई है। बेगूसराय जिले के तेघड़ा प्रखंड में सुबह नौ बजे तक 13.20 फीसद मतदान हुआ। सारण जिला के मकेर प्रखंड के बूथ 91 पर भी मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।

09.25 AM - 22 जिलों के 560 पंचायतों में वोटिंग, 365 मतदान भवन नक्सल प्रभावित

बिहार में पंचायत चुनाव के 11वें चरण के अंतर्गत 22 जिलों के 38 प्रखंडों में मतदान हो रहा है। 560 पंचायतों में आज हो रहे मतदान की मतगणना मंगलवार को शुरू होगी और बुधवार को खत्‍म होगी। 4,946 भवनों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 365 नक्सल प्रभावित हैं। 27 हजार पुलिस एवं सुरक्षाबलों की तैनाती पूरे बिहार में की गई है।

09.05 AM - बेगूसराय जिले के तेघड़ा प्रखंड क्षेत्र की सभी 13 पंचायतों  में 170 मतदान केंद्रों पर रविवार की सुबह 7 बजते ही मतदान प्रारंभ हो गया। प्रखंड क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर वार्ड सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्य पद के लिए ईवीएम से मतदान कराया जा रहा है। वहीं पंच व सरपंच पद के मतपत्र से मतदान कराए जा रहे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर 680 ईवीएम तथा 340 मत पेटी उपलब्ध कराए गए हैं। सभी 13 पंचायतों में कुल 1377 प्रत्याशी चुनाव मैदान में भाग्य आजमाने में लगे हैं। शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने को लेकर सभी 13 पंचायतों में 26 सेक्टर बनाए गए हैं इन सेक्टरों पर अधिकारियों की ड्यूटी भी लगी है। मतदान समाप्त होते ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम व मतपेटी तेघड़ा प्रखंड के लिए बनाए गए वज्रगृह जीडी कॉलेज बेगूसराय में रखे जाएंगे। मतगणना 14 दिसंबर की सुबह 8:00 बजे से प्रारंभ होगी।

08.50 AM - मनेर के सिंघारा पंचायत में बूथ संख्या 159 एवं बूथ संख्या 159 क के मतदाताओं ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया है। बताया जाता है कि 159 बूथ संख्या प्राथमिक विद्यालय लोदीपुर में है एवं 159 क सियरभुका में है। दोनों मतदान केंद्रों के कई मतदाताओं को इधर से उधर कर दिया गया है। यहां के मतदाता वहां चले गए। इसके कारण गुस्‍साए लोग मतदान का बहिष्कार करने की बात कर रहे हैं।

08.40 AM - दानापुर दियारा के पुरानी पानापुर पंचायत के चलंत बूथ संख्या 78 पर मतदाताओं की लंबी कतार दिख रही है। यहां पुरुष और महिलाएं लंबी कतार में खड़ी होकर मतदान के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रही हैं। मनेर प्रखंड के रामपुर दियारा पंचायत के रामपुर हाई स्कूल पर बूथ संख्या 60 पंचायत समिति सदस्य के पद के लिए लगाई ईवीएम खराब पाए जाने के बाद बदली गई।

08.20 AM - मधेपुरा जिले के आलमनगर प्रखंड के रतवारा ओपी अंतर्गत बरगांव में चुनावी रंजिश में हुई गोलीबारी में वार्ड सदस्य प्रत्याशी बिरजू मंडल (30 वर्ष) की मौत हो गई है। वहीं दो लोग जख्मी हैं। गोलीबारी की घटना देर रात हुई है। मालूम हो कि आलमनगर की 11 पंचायतों में आज अंतिम चरण के तहत मतदान है।

08.00 AM - मनेर के सुअरमरवा स्थित निवर्तमान मुखिया उमाशंकर सिंह उर्फ सिपाही मुखिया के वाहन में किसी ने आग लगा दी। इस बार सिपाही मुखिया की पत्नी पंचायत चुनाव में उम्‍मीदवार हैं। एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक स्‍कार्पियो कार आग में धू-धूकर जलती दिखाई दे रही है।

07.30 AM - पटना जिले के बाढ़ प्रखंड से एक बड़ी खबर आ रही है। बाढ़ थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बीती रात एक नवनिर्वाचित मुखिया के साथ ही एक एएसआइ की भी हत्‍या कर दी। अपराधियों ने कुल तीन लोगों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस हमले में घायल तीसरे शख्‍स का इलाज चल रहा है। मारे जाने वाले गोरेलाल एक दिन पहले ही पंडारक पूर्वी पंचायत से मुखिया का चुनाव जीते थे। वहीं अपराधियों का निशाना बने एएसआइ पंडारक थाने में तैनात थे।

07.00 AM - पटना जिले के मनेर प्रखंड में मतदान शुरू होने से महज कुछ घंटे पहले ही आचार संहिता की धज्जियां उड़ाए जाने की सूचना मिल रही है। बताया जा रहा है कि इस प्रखंड की कुछ पंचायतों में पंचायत चुनाव के प्रत्‍याशियों की ओर से नाच-गाने के जरिए मतदाताओं के मनाेरंजन का इंतजाम किया गया था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.