Bihar News: बारिश व जल-जमाव के बीच बाढ़ का अलर्ट, तमंचे पर डिस्को व कोरोना का सीरियल ब्लास्ट
Bihar News बिहार में मानसून की बारिश के कारण कई जिलों में जल-जमाव हो गया। कोरोना ब्लास्ट के बीच बाढ़ का अलर्ट भी था। यहां डालते हैं मंगलवार की प्रमुख घटनाओं पर नजर।
पटना, जागरण टीम/ एएनआइ। Bihar News: बिहार में भारी बारिश के बीच जल-जमाव व बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। उत्तर बिहार मेें बारिश ने 20 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भी भारी व वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। उधर नेपाल के जल-ग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के छह जिलों में बाढ़ की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया है। बारिश व बाढ़ के बीच मंगलवार को कोरोना के 1109 नए मरीज मिले। इस बीच आज सुबह बिहार के राज्यपाल रहे मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का निधन हो गया। लॉकडाउन के दौरान आर्केस्ट्रा में तमंचे पर डिस्को का एक वीडियो भी वायरल हुआ। बिहार में मंगलवार की प्रमुख घटनाओं के ताजा अपडेट पर डालते हैं नजर...
बिहार में फिर मिले कोरोना के 1109 नए मरीज
बिहार में 1109 नए मरीजों के साथ कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 28564 हो गया है। बीते 24 घंटे के दौरान करीब एक हजार लोग स्वस्थ हुए हैं। जबिक मंगलवार को 11 की मौत हुई। मंगलवार को पटना में सर्वाधिक 130 मरीज मिले। मुजफ्फरपुर से 111, गया से 98, भागलपुर से 81, वैशाली से 76 मरीज मिले। मंगलवार को बीजेपी एमएलसी सुनील कुमार और समस्तीपुर में पूर्व विधायक रामाश्रय इस्सर उर्फ़ संत बाबा के पोते नयन कुमार इस्सर उर्फ मनीष की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई।
कोरोना विस्फोट रोकने के लिए लॉकडाउन का छठा दिन
कोरोना संक्रमण की रफ्तार रोकने के लिए सरकार ने बिहार में लॉकडाउन लगाया गया है। इसके छठे दिन भी सड़कें सुनसान दिखीं।
लॉकडाउन के दौरान आर्केस्ट्रा, तमंचे पर डिस्को
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के भागन बीघा थाना अंतर्गत बोकना गांव में बीती रात लॉकडाउन का उल्लंघन कर दबंगों ने आर्केस्ट्रा का आयोजन किया। उसमें तमंचा लहराते हुए बार बालाओं के साथ जमकर डांस किया। अश्लील भोजपुरी गानों पर रातभर ठुमके लगे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंगलवार सुबह से पुलिस ने छापेमारी की। घटना के सिलसिले में 10 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है।
बिहार के राज्यपाल रहे लालजी टंडन का निधन, शोक
मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का मंगलवार की सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। साल 2018 में बिहार के राज्यपाल बनाए गए लालजी टंडन 2019 में मध्य प्रदेश का राज्यपाल बनाए जाने तक रहे। उनके निधन पर राज्यपाल फागू चौहान सहित बिहार के कई मंत्रियों व नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
उत्तर बिहार के छह जिलों व कोसी तटीय इलाकों में बाढ़ का अलर्ट
इन दिनों नेपाल में हो रही बारिश के कारण नदियां लबालब हैं। खास कर गंडक व कोसी नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश से नदी के डिस्चार्ज बढ़ा है। इस कारण पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली एवं सारण जिलों के साथ कोसी क्षेत्र में बाढ़ की आशंका है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आपदा प्रबंधन विभाग एवं सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने का आदेश दिया है।
राज्य में लगातार तीसरे दिन बारिश, वज्रपात का अलर्ट
रविवार से जारी बारिश आज भी जारी था। पटना सहित कई जिलों में बादल छाए रहे। बारिश के कारण पटना के कई इलाकों में जल-जमाव हो गया। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया था।