बढ़ रहा निगम का दायरा, घट रहे अधिकारी-कर्मचारी
नगर निगम के क्षेत्र में लगातार वृद्धि हो रही है।
पटना । नगर निगम के क्षेत्र में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके कारण वार्ड व अंचल की संख्या में भी बढ़ोतरी की गई। लेकिन इस अनुरूप निगम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बढ़ने के बजाय इसमें कटौती कर दी गई है। इस संबंध में सरकार की ओर से संकल्प भी जारी कर दिया गया है। निगम में अधिकारियों व कर्मचारियों की कमी के कारण विकास कार्य अघोषित रूप से ठप है। जन सुविधाओं वाले कार्यो को भी पूरा कराने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं पर इसका सीधा असर दिख रहा है। वर्तमान समय में केंद्र सरकार व राज्य सरकार की एक दर्जन योजनाएं चल रही हैं। अधिकारियों की कमी के कारण योजनाओं की स्थिति खराब है। दिसंबर-जनवरी में अपर नगर आयुक्त, निगरानी पदाधिकारी, अपर नगर आयुक्त (केंद्र प्रायोजित योजना) सहित कई अधिकारियों का तबादला हुआ, लेकिन उनके बदले निगम को कोई अधिकारी नहीं मिला।
-----------
: अधिकारियों की कमी से नहीं हो रही मॉनीट¨रग :
नगर निगम में केंद्र प्रायोजित व राज्य सरकार की एक दर्जन से अधिक योजनाएं चल रही हैं। इसमें प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, अमृत मिशन, मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना, स्वच्छ भारत मिशन, ठोस कचरा प्रबंधन आदि प्रमुख हैं। लेकिन एक-एक अधिकारी के पास चार-चार कार्यो का प्रभार है। इस कारण स्थल निरीक्षण व मॉनीट¨रग केवल कागजों पर ही हो पाती है।
अधिकारियों की कमी के कारण प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के साथ-साथ तीन वर्ष पूर्व समाप्त हो चुकी योजना 'राजीव गांधी आवास योजना' व 'हाउसिंग फॉर ऑल' अभी भी निगम पूरी नहीं कर सका है।
---------
: सहायक व प्रशाखा पदाधिकारी के सीट में भी कटौती :
पटना नगर निगम में सहायकों के लगभग 225 पद स्वीकृत हैं। वर्तमान में यहां 29 सहायक कार्यरत हैं। प्रशाखा पदाधिकारी के 10 पद स्वीकृत हैं। 10 पद और सृजित करने की मांग की जा रही है। इसी तरह सफाई निरीक्षक के 18 पद स्वीकृत हैं। 57 और पद सृजित करने की मांग है। नए संकल्प में इसे बढ़ाने के बदले मुख्यालय के लिए 74 व अंचल के लिए 66 कर दिया गया है।
----------
: ये हैं पूर्व की रिक्तियां :
पद का नाम - स्वीकृत - रिक्त नया संकल्प
नगर आयुक्त 01 00 01
अपर नगर आयुक्त 03 02 04
उप नगर आयुक्त 05 05 06
वित्त एवं लेखा नियंत्रक 01 01 00
आंतरिक अंकेक्षक 01 01 00
स्वास्थ्य पदाधिकारी 01 01 01
नगर सचिव 01 01 00
निगरानी पदाधिकारी 01 01 01
मुख्य अभियंता 01 01 01
अधीक्षण अभियंता 03 03 00
उप निदेशक योजना 02 01 00
कार्यपालक अभियंता 10 09 00
सहायक अभियंता 43 39 00
कनीय अभियंता 119 108 00
उप नगर अभियंता 00 00 01
---------
'निगम में अधिकारियों की काफी कमी हैं। इसके बाद भी नए संकल्प में और कटौती कर दी गई है। राज्य के सभी मेयर व उप मेयर ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। इसमें संशोधन एवं अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का आश्वासन दिया गया है।
- सीता साहू, मेयर सह अध्यक्ष, महापौर, उप महापौर काउंसिल ऑफ बिहार।
------