लालू यादव ने कही बड़ी बात- राहुल के नेतृत्व में हम लड़ेंगे, यह अभी तय नहीं
लालू यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि यह अभी तय नहीं हुआ है कि 2019 का चुनाव विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ेगा। समय आने पर इसका फैसला लिया जायेगा।
पटना [राज्य ब्यूरो]। राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने का स्वागत करते हुए राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने यह साफ किया है कि 2019 का चुनाव विपक्ष उन्हीं के नेतृत्व में लड़ेगा, यह अभी तय नहीं है। इस बारे में समय पर फैसला होगा। लालू ने राहुल को सलाह दी कि उन्हें विपक्षी एकता के लिए पहल करनी चाहिए। बड़ी जिम्मेदारी मिली है। अब इस पर उन्हें खरा उतरना होगा।
राजद प्रमुख ने कहा, कोई बात हवा में नहीं होती
राजद प्रमुख ने कहा कि अगला चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लडऩे की बात अभी तय नहीं है। इसका फैसला समय आने पर होगा। राजनीति में कोई भी बात हवा में नहीं होती है। भाजपा के खिलाफ देश में मजबूत राजनीतिक विकल्प के लिए राहुल को सभी दलों से बात करनी चाहिए। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राहुल से दूरी के बावजूद लालू ने दावा किया कि सोनिया गांधी से उनकी बात होती रहेगी। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद भी कांग्र्रेस से राजद का रिश्ता कमजोर नहीं होगा।
लालू ने खुद के संन्यास की अटकलों का किया खारिज
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को आगे करके खुद रिटायर होने की अटकलों को खारिज करते हुए लालू ने कहा कि कि अभी राजनीति के लिए वह परफेक्ट हैं। संन्यास लेने का सवाल नहीं है। तेजस्वी की जिम्मेदारी बढ़ाने के बाद भी वह खुद सक्रिय रहेंगे। भाजपा के खिलाफ लोकसभा चुनाव में वह खुद भी प्रचार करेंगे।
जेल जाने से डर नहीं लगता
चारा घोटाले में 23 दिसंबर को सुनवाई के बारे में लालू ने कहा कि उन्हें जेल जाने का तनिक भी डर नहीं है। उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। फिर भी अगर जेल जाना पड़ा तो ऐसा पहली बार नहीं होगा। पहले भी वह कई बार जेल जा चुके हैं। इस बार भी जो होगा उसे देखा जाएगा।
लालू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उनके परिवार को परेशान करने की साजिश रची गई है। मेरी लोकप्रियता से घबराकर मेरे राजनीतिक विरोधी मुझे जेल भेजना चाहते हैं।
राजद प्रमुख ने दावा किया कि कुछ लोग उनकी पार्टी को तोडऩे में लगे हैं, लेकिन अपने विरोधियों को वह साफ कर देना चाहते हैं कि राजद एकजुट है। उनके जेल जाने पर भी राजद में कुछ नहीं बदलेगा।