लालू ने PM मोदी को कहा तानाशाह, तेजस्वी बोले- घोटालों की सरकार चला रहे नीतीश
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पीएम मोदी को तानाशाह करार दिया। उधर, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार घोटालों की सरकार चला रहे हैं।
पटना [जेएनएन]। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव तथा उनके बेटे व पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि देश व राज्य में कहीं भी सरकार नाम की चीज नहीं है। राज्य सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गयी है। लालू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर इशारा करते हुए कहा कि तानाशाह शासक द्वारा अपने मन की बात कही जा रही है, जबकि किसानों व मजदूरों के मन की बात नहीं सुनी जा रही। तेजस्वी ने सीएम नीतीश पर हमला करते हुए कहा कि वे घोटालों की सरकार चला रहे हैं।
लालू व तेजस्वी राजद व कांग्रेस विधानमंडल दल की बैठक के पूर्व मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर हो चुकी है। आरोप लगाया कि रोज हत्या, दुष्कर्म सहित अन्य आपराधिक घटनाएं हो रही हैं।
लालू ने विधानमंडल के रविवार से आरंभ शीतकालीन सत्र को लेकर कहा कि राज्य में जितनी समस्याएं हैं, उस हिसाब से यह बहुत ही छोटा सत्र है। शिक्षकों व आंगनबाड़ी कर्मियों की समस्याएं हैं। घोटाला दर घोटाला उजागर हो रहा है। कानून व्यवस्था की समस्या बनी हुई है। शराब गंगा की तरह बह रही है।
राजद प्रमुख ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें खुद गिरने वाले हैं। लालू ने पूछा कि सरकार है कहां? नरेंद्र मोदी अपने मन की बात कर रहे हैं और नीतीश अपने मन की। जनता, युवा, छात्र एवं किसान की बात कोई नहीं कर रहा है। लालू प्रसाद ने दावा किया कि अगला चुनाव जब भी होगा, संयुक्त विपक्ष मिलकर दोनों सरकारों का विसर्जन कर देंगे।
लालू ने शराबबंदी को फेल करार दिया। कहा कि इतने कड़े कानून के बावजूद बिहार में शराब बिक रही है। लालू ने केंद्र की मोदी सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि देश में अघोषित आपातकाल लागू है। राजद प्रमुख को गुजरात से ज्यादा उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में अच्छे संकेत मिल रहे हैं। वहां भाजपा हिल गई है।
समस्याओं से घिरी है सरकार : तेजस्वी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार को विकास की जगह विनाश की ओर ले जाया जा रहा है। सरकारी योजनाओं का हाल खराब है। जदयू के अलग होने के बावजूद महागठबंधन एकजुट है। राज्य सरकार खुद समस्याओं से घिरी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में अध्यक्ष की अनुमति से कानून व्यवस्था और घोटालों को लेकर सदन में बात रखी जाएगी।
तेजस्वी ने संयुक्त विपक्ष की एकता का दावा करते हुए कहा कि हमलोग अपनी एकजुटता और विचारधारा को लेकर चलेंगे और सदन में सरकार को निरुत्तर कर देंगे।