लालू प्रसाद ने जेल में खाया दही-चूड़ा, शाम में मिली खिचड़ी, बाहर समर्थकों का तांता
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की मकर संक्रांति रांची रविवार को जेल में मनी। उन्होंने दिन में चूड़ा-दही व तिलकुट खाया। रात में कैदियों संग खिचड़ी भी खाई।
पटना [जेएनएन]। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मकर संक्रांति रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल में मनी। लालू चारा घोटाला के एक मामले में सजा मिलने के बाद वहां कैद हैं। रविवार दिन मेंं जेल में उन्हें अन्य कैदियों साथ दही-चूड़ा दिया गया। शाम में कैदियों के साथ वे खिचड़ी भी खाई। उनकी संक्रांति अच्छे से मने, इसलिए समर्थक व कार्यकर्ता सुबह से ही दही-चूड़ा व तिलकुट आदि के साथ जेल पहुंचे।
मकर संक्रांति के अवसर पर हर साल राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पटना आवास पर बड़ा भोज होता था। हजारों समर्थक व कार्यकर्ता जुटते थे। सियासी दिग्गजों का भी जमावड़ा होता था। लेकिन, इस साल लालू जेल में हैं। इस कारण उनकी पार्टी (राजद) तथा लालू परिवार ने मकर संक्रांति नहीं मनाई। पटना स्थित उनके आवास पर सन्नाटा पसरा रहा।
राजद के कार्यकर्ताओं व समर्थकों को यह माहौल अखरने वाला रहा। सैकड़ों समर्थक सुबह से ही रांची के बिरसा मुंडा जेल के समाने डेरा डाले रहे। वे लालू प्रसाद यादव के लिए चूड़ा-दही, तिलकुट व सब्जियां लेकर पहुंचे। समर्थक व कार्यकर्ता इन सामानों को लालू प्रसाद के पास पहुंचान के लिए जेल प्रशासन से आग्रह कर रहे थे।
विदित हो कि मकर संक्रांति का पर्व मनाने के लिए जेल में भी व्यवस्था की गई थी। जेल में दही-चूड़ा व तिलकुट आदि की व्यवस्था थी। शाम में कैदियों के लिए खिचड़ी के भोज की भी व्यवस्था की गई थी।