यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लालू बोले, देश की दशा व दिशा तय करेगा यूपी की जनता का फैसला
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने पीएम मोदी पर तंज करते हुए कहा कि उनका सीना तो 32 इंच का निकला। ...और पढ़ें

बक्सर [जेएनएन]। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वे कहते हैं कि उनका सीना 56 इंच का है, लेकिन जब नापा तो 32 इंच का निकला। लालू ने मजाकिया अंदाज में कहा कि 56 इंच का सीना तो केवल यादवों का ही हो सकता है। वे बुधवार को बलिया सदर से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लक्ष्मण गुप्ता के पक्ष में बक्सर से सटे बेयासी शिवपुर दियारा में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
लालू प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता का फैसला देश की दिशा और दशा तय करेगा। पीएम मोदी को सीधे निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जब बनारस गए थे तो कहा कि हमें गंगा मैया ने बुलाया है। आप सभी को मालूम होगा कि गंगा मैया कब बुलाती हैं?
लालू ने कहा कि मोदी यह भी कहते हैं कि उत्तर प्रदेश ने उन्हें गोद ले लिया है, हम उनसे पूछ रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के लोग निस्संतान हैं क्या कि आपको गोद लेंगे? उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी तो हर जनसभा में भाइयों-बहनों कहकर लोगों को मूर्ख बनाते हैं।
लालू प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते थे कि काला धन विदेशों से लाकर 15-15 लाख हर व्यक्ति के खाते में डाल देंगे। सब लोगों ने खाता खोल लिया, लेकिन किसी के खाते में एक भी पैसा नहीं आया। दूसरा वादा किया कि पांच लाख नौजवानों को हर साल नौकरी देंगे, लेकिन किसी को नौकरी नहीं दी।
हमलोग भारत की जनसंख्या से बाहर हैं क्या?
अपनी पुरानी रौ में दिखे लालू ने कहा कि उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने पूछा कि क्या 15 लाख रुपये हम लोगों को भी मिलेगा, हमने कहा कि हमलोग भारत की जनसंख्या से बाहर हैं क्या कि हमें नहीं मिलेगा? हमारे घर में 11 लोगों की टीम है। 15 से हमने गुणा किया तो करोड़ों रुपये हो गए, लेकिन आज तक एक रुपये किसी के खाते में नहीं आया।
उन्होंने कहा कि मोदी व उनकी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के राज को गुंडाराज बता रहे हैं। बिहार में जब मेरी सरकार थी तो जंगलराज बोलते थे। मोदी अपनी जनसभा में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है, कह कर लोगों को भ्रम में डाल रहे हैं।
इससे पूर्व विधायक शंभूनाथ सिंह यादव ने कहा कि भाजपा ने अपना काला धन तो सफेद करा लिया और आमलोगों को लाइन में लगवा दिया। उन्होंने क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं से ब्रम्हपुर की तरह इस चुनाव में भी सारी शक्ति लगा देने का आह्वान किया।
सभा को लालू प्रसाद के दामाद यूपी के सांसद तेजप्रताप यादव, सांसद नीरज सिंह, राजद बक्सर के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह, अंगद यादव, हरेन्द्र यादव, मो.मैनुदीन, मो.नाजीर हुसैन व भिखारी यादव आदि ने भी संबोधित किया।
