लालू को मिली पांच साल की सश्रम सजा, राबड़ी आवास पर पसरा रहा सन्नाटा
चारा घोटाला मामले के तीसरे केस में राजद सुप्रीमो लालू यादव दोषी करार दिए गए हैं और उन्हें पांच साल की सजा सुनाई गई है। तेजस्वी ने सीएम नीतीश और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है।
पटना [जेएनएन]। चारा घोटाला मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव तीसरे केस में दोषी करार दिए गए हैं और उन्हें रांची की विशेष सीबीआइ की कोर्ट ने पांच साल की सश्रम कारावास की सजा और दस लाख का जुर्माना भी लगाया है। इस मामले में राजद सुप्रीमो लालू के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री डा जगन्नाथ मिश्र, जगदीश शर्मा और आरके राणा को भी सजा मिली है।
कोर्ट ने सभी आरोपियों में से महिला आरोपी चंचला सिन्हा, निर्मला प्रसाद सिद्धार्थ कुमार सुशील कुमार ज्योति कुमार झा ध्रुव भगत को विद्यासागर निषाद को 3 वर्ष की सजा सुनाई गई है साथ ही जुर्माना भी लगाया है।जिन अभियुक्तों को 3 वर्ष की सजा सुनाई गई है उनकी ओर से बेल बांड दाखिल करने के लिए अदालत ने निर्देश दिया है।
लालू के सजा पर फैसले की खबर मिलते ही पटना स्थित राबड़ी आवास आवास पर बुधवार को सन्नााटा पसरा रहा। आवास के बाहर गार्ड्स के अलावा कोई भी नजर नहीं आ रहा था। हालांकि घर के अंदर राबड़ी देवी मौजूद थीं तो वहीं तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव कर्पूरी जयंती में शामिल होने गए थे।
हालांकि राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं को तुरत ही ये खबर मिल गई थी। इससे पहले तेजस्वी ने बुधवार की सुबह बिहार के राज्यपाल से मुलाकात की थी और बिहार में बढ़ रही अपराध की घटना को लेकर चिंता जाहिर की थी। इसके साथ ही अपने पिता को दोषी करार दिए जाने के बाद ही तेजस्वी ने जदयू और भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया था।
कोर्ट के इस फैसले के बाद तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर बड़ा आरोप लगाया है और कहा कि उन्होंने ही मेरे पिता को फंसाया है। इसके साथ ही भाजपा और आरएसएस पर भी आरोप लगाए और कहा कि मेरे पिता जनता के हीरो हैं।
तेजस्वी ने कहा कि बिहार के भीष्म पितामह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीजेपी के साथ मिलकर लालू जी को फंसाया है। इनलोगों का टारगेट हैं लालू यादव, बार-बार दिल्ली बिहार के विकास के लिए नहीं जाते हैं लालू को कैसे सजा और दी जाए ये तय करने जाते हैं।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और भाजपा हर हाल में लोकसभा के साथ ही बिहार विधानसभा का चुनाव भी 2018 के अंत करा लेना चाहते हैं। इसी की ये सब पूरी तैयारी चल रही है। अभी भूपेंद्र यादव बिहार आए थे और अाज आरएसएस के मोहन भागवत भी बिहार में घूम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लालू यादव के जेल जाने से बिहार की जनता में आक्रोश है। आप ही देख लीजिए ना कि जनता का सबसे ज्यादा वोट पाने वाले लालू यादव जेल में हैं और जिन्हें वोट नहीं मिला वो तोड़-मोड़कर बिहार की गद्दी पर जा बैठे हैं। उन्हें जनता जवाब देगी।
तेजस्वी ने कहा कि लालू बिहार की जनता के दिलों में बसे हैं। हम जनता की अदालत में जाएंगे। लालू को जेल में रखने की साजिश हो रही है। सबसे बड़ी भूमिका नीतीश कुमार की है। बिहार में अपराध लगातार बढ़ रहा है। सीबीआइ अदालत का फैसला अंतिम नहीं है। हम सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे।
चारा घोटाला मामले में चाईबासा कोषागार से 33.67 करोड़ रुपये की अवैध निकाषी के मामले में बुधवार को रांची की विशेष सीबीआइ की एस एस प्रसाद की कोर्ट ने ये फैसला दिया है।
अवैध निकासी के इस मामले में लालू के साथ ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा, विघासागर निषाद जगदीश शर्मा, आरके राणा दोषी सहित सिलास तिर्की भी दोषी पाए गए और इन सबको भी सजा मिली है।
सजा का एलान होने के तुरत बाद राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि हम चुप नहीं बैठेंगे और उच्च न्यायालय की शरण में जाएंगे।