किस्सा मियां-बीवी का: जिसके लिए बदल दिया धर्म, उसी ने दे दिया तलाक, जानिए
पटना में पति-पत्नी की अनोखी कहानी सामने आई है। पत्नी ने पति के प्रोमोशन और संतान के लिए धर्म बदल लिया। लेकिन नाराज पति ने पत्नी के प्यार के बदले उसे तलाक दे दिया। जानिए कहानी....
पटना,जेएनएन। संतान की चाहत और पति के प्रमोशन के लिए एक विवाहिता ने धर्म बदल लिया। इस बात की खबर जब पति को हुई तो उसने तलाक की अर्जी दे डाली। अब मामला महिला हेल्पलाइन तक पहुंच गया है। विवाहिता का कहना है कि उसकी सास और ननद प्रताडि़त करती हैं। उसने धर्म नहीं बदला, बस पूजा-प्रार्थना करती है। पति का आरोप है कि उसने धर्म बदल लिया है और आसपास के लोगों को भी परेशान करते रहती है।
महिला पटना के कुम्हरार मुहल्ले की रहने वाली है और लड़का कोलकाता में बैंक मैनेजर है। दोनों की शादी वर्ष 2012 में हुई। शादी के बाद दोनों कोलकाता में ही रहने लगे। शादी को सात साल गुजरने के बाद भी संतान नहीं हुई। इसके बाद विवाहिता को किसी ने बताया कि दूसरे धर्म में पूजा-प्रार्थना करने से सारी परेशानी दूर हो जाएगी।
इसके बाद वह दूसरे धर्म में पूजा-प्रार्थना शुरू कर दी। इस बात की जानकारी उसके पति को हुई। पति के समझाने के बाद भी वह प्रतिदिन पूजा-प्रार्थना के लिए जाती थी। पति संतान प्राप्ति के लिए अस्पताल में डेढ़ लाख रुपये जमा कर दिया तो पत्नी ने इलाज कराने से इंकार कर दिया। आसपास के लोगों को भी वह धर्म बदलने के लिए प्रोत्साहित करने लगी।
इससे परेशान पति ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दे डाली। इस बात की खबर लड़की के पिता को हुई तो रिश्ता बचाने के लिए उन्होंने महिला हेल्पलाइन, पटना में आवेदन दिया। महिला हेल्पलाइन की प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमिला कुमारी ने बताया कि लड़की को हर दो दिन पर और उसके पति को हर तीन सप्ताह पर काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप