खुश्बू कांड में उठे सवाल: पूर्व मंत्री के दामाद वरुण सिंह ने SIT जांच और सुरक्षा की मांग तेज की
पूर्व मंत्री संजीव प्रसाद टोनी के दामाद वरुण कुमार सिंह ने बहन खुश्बू सिंह की संदिग्ध मौत पर सवाल उठाए ...और पढ़ें

पूर्व मंत्री संजीव प्रसाद टोनी के दामाद और उद्यमी वरुण कुमार सिंह ने किया प्रेस कॉन्फ्रेंस
डिजिटल डेस्क, पटना। पूर्व मंत्री संजीव प्रसाद टोनी के दामाद और उद्यमी वरुण कुमार सिंह ने बहन खुश्बू सिंह की संदिग्ध मौत को लेकर बड़ा सवाल खड़ा किया है। मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग उठाई।
शादी के छह महीने बाद संदिग्ध मौत
वरुण ने बताया कि उनकी बहन खुश्बू सिंह की शादी 1 जून 2025 को मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा निवासी एनआरआई इंजीनियर से हुई थी। आरोप है कि शादी के महज छह महीने बाद 26 दिसंबर 2025 को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
दहेज और प्रताड़ना का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के समय कार, गहने और नकदी की बड़ी मांग की गई थी। मांग पूरी नहीं होने पर खुश्बू को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे उसकी मौत को लेकर साजिश की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
वरुण का आरोप है कि घटना के बाद स्थानीय पुलिस का रवैया नरम रहा और परिवार की शिकायत दर्ज करने में भी देरी हुई। हालांकि दबाव के बाद पति की गिरफ्तारी हुई, लेकिन अन्य आरोपियों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
SIT जांच और सुरक्षा की मांग
उन्होंने सरकार से विशेष जांच दल (SIT) गठित करने, सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और परिवार को स्थायी सुरक्षा देने की मांग की है। साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारियों को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
धमकियों का भी लगाया आरोप
वरुण सिंह ने दावा किया कि मामले को उठाने के बाद उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
