विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कार्तिक पूर्णिमा पर घर लौटना होगा आसान, सोनपुर से आधी रात के बाद खुलेंगी 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें; यहां देखें टाइम टेबल

Published: Sat, 21 Nov 2026 07:31 PM (IST)

रेलवे ने कार्तिक पूर्णिमा पर सोनपुर मेले के लिए 4 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ये ट्रेनें 24-25 नवंबर को सोनपुर से छपरा, मुजफ्फरपुर और पाटलिपुत्र के लिए देर रात से सुबह तक चलेंगी, साथ ही कई नियमित ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव भी मिलेगा।

मुजफ्फरपुर जाने वालों के लिए भी स्पेशल ट्रेन

मुजफ्फरपुर जाने वालों के लिए भी स्पेशल ट्रेन

HighLights

  1. सोनपुर मेले के लिए 4 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलेंगी।

  2. ट्रेनें 24-25 नवंबर को देर रात से सुबह तक चलेंगी।

  3. नियमित ट्रेनों को भी एक मिनट का अतिरिक्त ठहराव।

जागरण संवाददाता, पटना। Kartik Purnima Special Train 2026: कार्तिक पूर्णिमा पर सोनपुर में गंगा स्नान और हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने खास इंतजाम किया है। मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने चार जोड़ी मेला स्पेशल पैसेंजर ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है।

ये ट्रेनें 24 और 25 नवंबर को सोनपुर से छपरा, मुजफ्फरपुर और पाटलिपुत्र के लिए चलेंगी। खास बात यह है कि इन ट्रेनों का परिचालन देर रात से लेकर सुबह तक होगा। इसके अलावा 23 से 25 नवंबर के बीच कई नियमित एक्सप्रेस ट्रेनों को भी अलग-अलग स्टेशनों पर एक मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।

आधी रात के बाद भी मिलेगी ट्रेन, सोनपुर से छपरा के लिए जानें टाइमिंग

कार्तिक पूर्णिमा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने सोनपुर-छपरा के बीच मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 05203/05204 सोनपुर-छपरा मेला स्पेशल 24 और 25 नवंबर को चलेगी।

यह ट्रेन सोनपुर से रात 12:15 बजे रवाना होकर सुबह 2:30 बजे छपरा पहुंचेगी। वापसी में छपरा से सुबह 3:45 बजे खुलेगी और सुबह 6:38 बजे सोनपुर पहुंचेगी। इससे छपरा की ओर जाने और वहां से लौटने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

मुजफ्फरपुर जाने वालों के लिए भी स्पेशल ट्रेन, रात 1 बजे सोनपुर से खुलेगी

मुजफ्फरपुर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन संख्या 05202/05201 सोनपुर-मुजफ्फरपुर मेला स्पेशल चलाई जाएगी। यह ट्रेन 24 और 25 नवंबर को सोनपुर से रात 1 बजे रवाना होगी और सुबह 2:40 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।

वापसी में मुजफ्फरपुर से सुबह 3 बजे ट्रेन खुलेगी और 4:40 बजे सोनपुर पहुंचेगी। कार्तिक पूर्णिमा के दौरान रात में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह विशेष व्यवस्था उपयोगी होगी।

पाटलिपुत्र के लिए दो जोड़ी ट्रेनें, जानिए कब खुलेगी कौन सी गाड़ी

पाटलिपुत्र जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने दो जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

ट्रेन संख्या 05205/05206: सोनपुर से रात 12:10 बजे खुलेगी और 12:50 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। वापसी में पाटलिपुत्र से रात 1:05 बजे खुलकर 1:50 बजे सोनपुर पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 05207/05208: सोनपुर से रात 2:05 बजे खुलेगी और 2:45 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। वापसी में पाटलिपुत्र से रात 3:05 बजे खुलकर 3:45 बजे सोनपुर पहुंचेगी।

दोनों ट्रेनें 24 और 25 नवंबर को संचालित होंगी। इस तरह पाटलिपुत्र की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को दो अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेंगे।

23 से 25 नवंबर तक कई एक्सप्रेस ट्रेनों को मिलेगा एक मिनट का ठहराव

स्पेशल ट्रेनों के साथ रेलवे ने नियमित ट्रेनों के परिचालन में भी बदलाव किया है। 23 से 25 नवंबर तक छपरा-हाजीपुर-मुजफ्फरपुर और सोनपुर-बछवारा-बरौनी रेलखंडों पर कई ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।

इसका मकसद मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को अलग-अलग स्टेशनों से उतरने और चढ़ने की सुविधा देना है। इन चयनित ट्रेनों का ठहराव संबंधित स्टेशनों पर केवल एक मिनट का होगा।

जोगबनी से दानापुर और जयनगर से आरा तक की ट्रेनों को भी सुविधा

मुजफ्फरपुर-सोनपुर रेलखंड पर 23 नवंबर को जोगबनी-दानापुर, जयनगर-आरा, बरौनी-ग्वालियर और बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस को अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।

वहीं, 24 नवंबर को सीतामढ़ी-आनंद विहार, दरभंगा-पाटलिपुत्र, बापूधाम मोतिहारी-पाटलिपुत्र, मौर्य एक्सप्रेस, बगहा-पाटलिपुत्र, जयनगर-पटना और सगौली-दानापुर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को निर्धारित स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव मिलेगा।

सोनपुर-छपरा और बछवारा रेलखंड पर भी बदलेगा ट्रेनों का ठहराव

सोनपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर 24 और 25 नवंबर को दानापुर-जोगबनी, आरा-जयनगर, नई दिल्ली-बरौनी क्लोन, अमृतसर-कटिहार, अहमदाबाद-सहरसा, लिच्छवी एक्सप्रेस और पाटलिपुत्र-दरभंगा सहित कई ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।

इसी तरह सोनपुर-छपरा रेलखंड पर रक्सौल-आनंद विहार, कटिहार-अमृतसर, दरभंगा-अहमदाबाद, हावड़ा-काठगोदाम और अवध आसाम एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों को भी निर्धारित स्टेशनों पर रोका जाएगा।

वहीं, बछवारा-सोनपुर रेलखंड पर सियालदह-बलिया, पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र, अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट और पाटलिपुत्र-सहरसा एक्सप्रेस को 24 और 25 नवंबर को अतिरिक्त ठहराव मिलेगा।

श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत, यात्रा से पहले ट्रेन की जानकारी जरूर जांचें

कार्तिक पूर्णिमा मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में रेलवे की ओर से चार जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन और नियमित ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव देने का फैसला यात्रियों की सुविधा के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

हालांकि, यात्रियों को सलाह है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का नंबर, समय और निर्धारित ठहराव रेलवे की आधिकारिक सूचना या पूछताछ सेवा से जरूर जांच लें। इससे यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।