कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान-दीपदान से मिलेगा स्वर्ग, 24 को कृत्तिका नक्षत्र का शुभ संयोग; स्नान-दान का महत्व भी जानें
कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर को कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग के शुभ संयोग में मनाई जाएगी। इस दिन गंगा स्नान, ...और पढ़ें

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान से मिलेगा पूरे साल का पुण्य
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर को कृत्तिका नक्षत्र में मनाई जाएगी।
गंगा स्नान और दीपदान से मिलता है अक्षय पुण्य।
बिहार के मंदिरों में सत्यनारायण कथा का होगा आयोजन।
जागरण संवाददाता, पटना। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान और दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व है। इस वर्ष 24 नवंबर, मंगलवार को कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग के शुभ संयोग में कार्तिक पूर्णिमा मनाई जाएगी। इस दिन गंगा सहित विभिन्न पवित्र नदियों और सरोवरों में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान, दान और दीपदान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
मान्यता के अनुसार, गंगा स्नान के बाद दीपदान करना 10 यज्ञों के बराबर पुण्यदायी होता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा, सत्यनारायण व्रत कथा, गीता पाठ और मंत्र जाप करने का भी विशेष विधान है।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान से मिलेगा पूरे साल का पुण्य
कार्तिक पूर्णिमा को सनातन धर्म में अत्यंत पुण्यदायी तिथि माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन गंगा में स्नान करने से पूरे वर्ष गंगा स्नान करने के बराबर पुण्य प्राप्त होता है। यही वजह है कि इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाते हैं।
ज्योतिषाचार्य आचार्य राकेश झा के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के बाद भगवान विष्णु की आराधना, दीपदान और दान-पुण्य करने का विशेष महत्व है। इस दिन श्रद्धालु सुख-समृद्धि, शांति और परिवार की खुशहाली के लिए भगवान से प्रार्थना करते हैं।
एक दीप जलाने से मिलेगा 10 यज्ञों के बराबर पुण्य!
आचार्य राकेश झा ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से पापों का क्षय होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
भगवान केशव के समीप अखंड दीप जलाना भी विशेष फलदायी माना गया है। मान्यता है कि गंगा स्नान के बाद दीपदान करने से 10 यज्ञों के बराबर पुण्य मिलता है। इस दिन अन्न, धन, वस्त्र और घी का दान करने का भी विशेष महत्व बताया गया है।
घर पर स्नान करने वाले भी ऐसे प्राप्त कर सकते हैं पुण्य
जो श्रद्धालु किसी कारणवश गंगा या अन्य पवित्र नदियों में स्नान के लिए नहीं जा सकते, वे घर पर भी स्नान कर सकते हैं। धार्मिक परंपरा के अनुसार, स्नान के जल में गंगाजल मिलाकर और कुश हाथ में लेकर स्नान करने का विधान है।
इसके बाद भगवान विष्णु की पूजा, दीपदान, हवन, मंत्र-जाप और दान-पुण्य किया जा सकता है। कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालु भगवान सत्यनारायण की कथा सुनते हैं। साथ ही गीता पाठ और विष्णु सहस्रनाम का पाठ करने की भी परंपरा है।
कार्तिक पूर्णिमा पर करें इन मंत्रों का जाप, हरि की मिलेगी कृपा
कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु की आराधना के साथ मंत्र जाप का विशेष महत्व है। श्रद्धालु इस दिन 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप कर सकते हैं। धार्मिक मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक पूजा-पाठ और भक्ति करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है।
इस दिन भगवान विष्णु के साथ भगवान कार्तिकेय की पूजा और दर्शन का भी विशेष महत्व बताया गया है। नारद पुराण में कार्तिकेय के दर्शन को सद्गुणों की प्राप्ति और शत्रुओं पर विजय से जोड़ा गया है।
बिहार के पंजीकृत मंदिरों में होगी सत्यनारायण व्रत कथा
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बिहार के सभी पंजीकृत मठ-मंदिरों में सत्यनारायण व्रत कथा के आयोजन की तैयारी है। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने मंदिर प्रबंधन से सामूहिक कथा आयोजित करने और स्थानीय श्रद्धालुओं को आमंत्रित करने की अपील की है।
इस संबंध में सभी पंजीकृत मंदिरों को पत्र भेजा जा रहा है। प्रो. रणबीर नंदन ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान, दीपदान और भगवान विष्णु की आराधना का विशेष महत्व है। मंदिरों में सामूहिक कथा के आयोजन से आध्यात्मिक वातावरण बनेगा और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा मिलेगा।
कार्तिक पूर्णिमा पर इन तीन तिथियों का भी है विशेष महत्व
कार्तिक मास की त्रयोदशी, चतुर्दशी और पूर्णिमा को अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इन तीनों तिथियों को अति पुष्करिणी कहा जाता है।
मान्यता है कि कार्तिक मास में प्रतिदिन स्नान करने से जो पुण्य मिलता है, वह इन तीन तिथियों में सूर्योदय से पहले स्नान करने मात्र से भी प्राप्त हो सकता है। कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालु स्नान, अर्घ्य, तर्पण, जप-तप, पूजन, कीर्तन और दान-पुण्य कर आध्यात्मिक शांति की कामना करते हैं।
इस तरह कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान, दीपदान और भगवान विष्णु की पूजा का विशेष संयोग श्रद्धालुओं के लिए आस्था का बड़ा अवसर होगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन श्रद्धा से किए गए पूजा-पाठ और दान-पुण्य से अक्षय फल की प्राप्ति होती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।