किसके नाम पर होना था कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नामकरण? तेजस्वी ने बताई पूरी कहानी
तेजस्वी यादव ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखने पर सवाल उठाया है। उन्होंने दावा किया कि पहले ...और पढ़ें
HighLights
तेजस्वी ने 'नीतीश सेतु' नामकरण पर सवाल उठाए, पुरानी सहमति का जिक्र।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम अक्षयवट सेतु रखने पर बनी थी सहमति।
तेजस्वी ने नीतीश कुमार के 'होश-हवास' पर तंज कसा।
डिजिटल डेस्क, पटना। कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के नामकरण को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।
राज्य सरकार ने इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे।
हालांकि, नामकरण के इस फैसले पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। राजद नेता रोहिणी आचार्य के बाद अब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है।
अक्षयवट सेतु नाम रखने की बनी थी सहमति
मंगलवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि पुल के शिलान्यास के समय ही इसका नाम स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर रखने पर सहमति बनी थी।
उस समय वे विभागीय मंत्री और उपमुख्यमंत्री थे। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस संबंध में विस्तृत चर्चा की थी।
तेजस्वी के अनुसार, अक्षयवट राय इसी क्षेत्र के सुप्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी थे और पुल उनके पैतृक गांव से होकर गुजरता है। वे पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के विश्वस्त सहयोगियों में शामिल थे।
तेजस्वी ने दावा किया कि लालू प्रसाद की उपस्थिति में नीतीश कुमार ने पुल का नाम 'अक्षयवट सेतु' रखने पर सहमति दी थी। तय हुआ था कि उद्घाटन के अवसर पर इसी नाम की घोषणा की जाएगी।
तेजस्वी ने आगे कहा कि वर्ष 2022 में जब वह फिर उपमुख्यमंत्री बने तो निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान भी नीतीश कुमार से इस विषय पर दोबारा चर्चा हुई थी। उस समय भी 'अक्षयवट सेतु' नाम रखने का निर्णय ही दोहराया गया था।
'नीतीश कुमार सचेत होते तो अक्षयवट सेतु ही नाम होता'
तेजस्वी यादव ने अपने बयान में कहा कि उन्हें ऐसी अनुभूति है कि यदि नीतीश कुमार सचेत अवस्था और होश-हवास में होते तो इस पुल का नाम 'अक्षयवट सेतु' ही रखा जाता।
उन्होंने कहा कि जीवित व्यक्ति के नाम पर मूर्ति या पुल का नामकरण नहीं किया जाता, लेकिन मैसेज देने की कोशिश की जा रही है कि नीतीश कुमार पॉलिटिकली खत्म हो गए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 नवंबर को कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को इसका उद्घाटन करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।