विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UCC पर बिहार में सियासी संग्राम के बीच मांझी का दांव, तीन तलाक और धारा 370 पर भी साफ किया रुख

Published: Wed, 16 Sep 2026 09:31 AM (IST)

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बिहार में समान नागरिक संहिता (UCC) का समर्थन किया है, इसे संवैधानिक समानता के ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की जीतन राम मांझी ने की सराहना। फाइल

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की जीतन राम मांझी ने की सराहना। फाइल

HighLights

  1. मांझी ने समान नागरिक संहिता (UCC) का खुलकर समर्थन किया।

  2. UCC को संविधान में दिए समानता के अधिकार से जोड़ा गया।

  3. तीन तलाक और धारा 370 हटाने के फैसले का भी समर्थन किया।

डिजिटल डेस्क, पटना। समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 2029 से पहले NDA शासित 21 राज्यों में UCC लागू करने के एलान के बाद बिहार में सत्ता पक्ष के भीतर ही अलग-अलग सुर सामने आ रहे हैं।

इसी बीच केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने UCC के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।

तीन तलाक और धारा 370 हटाने का भी समर्थन 

उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए UCC का समर्थन किया है। मांझी ने इसे संविधान में दिए समानता के अधिकार से जोड़ते हुए कहा कि UCC के अनुपालन में किसी तरह के दांव-पेच की बात करना उनकी समझ में गैर-संवैधानिक है।

मांझी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार संवैधानिक व्यवस्थाओं को लागू करने के पक्ष में है।

उन्होंने UCC के साथ-साथ तीन तलाक और अनुच्छेद 370 से जुड़े केंद्र सरकार के फैसलों का भी समर्थन किया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि बाबा साहेब का संविधान देश की धर्मनिरपेक्षता की नीति पर आधारित है। 

यह नागरिकों को समानता का अधिकार देता है। उनके मुताबिक, समानता का अधिकार ही UCC की मूल भावना से जुड़ा है।

मांझी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोला। कहा क‍ि सर्वोच्च न्यायालय ने भी समय-समय पर UCC अनुपालन के लिए  निर्देशित किया था जिसे पुरानी सरकारों ने कभी तव्वजो नहीं दी। 

NDA में अलग-अलग रुख से बढ़ी सियासी दिलचस्पी

UCC पर मांझी का यह रुख इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि बिहार में NDA के भीतर इस मुद्दे पर एकराय दिखाई नहीं दे रही है।

जदयू नेता ने तो साफ कह द‍िया क‍ि ब‍िहार में क‍िसी हाल में यूसीसी लागू नहीं होगा। इस बीच राजद व‍िधायक भाई वीरेंद्र ने नीतीश कुमार को राजद के साथ म‍िलकर सरकार बनाने का न्‍योता भी दे द‍िया। 

जदयू विधायक श्याम रजक ने बिहार में UCC लागू किए जाने का विरोध जताया है, जबकि पार्टी के अन्य नेताओं ने बिल के प्रावधान सामने आने के बाद निर्णय लेने की बात कही है। 

मांझी ने मोदी-शाह के फैसले का किया समर्थन

जीतन राम मांझी ने अपने बयान में स्पष्ट तौर पर मोदी सरकार और गृह मंत्री अमित शाह के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार किसी का चेहरा देखकर या किसी खास को खुश करने के लिए काम नहीं करेगी, बल्कि राष्ट्रहित में फैसले ले रही है।

मांझी ने अपने पोस्ट में लिखा कि 'बराबरी का अधिकार मतलब UCC' और कहा कि देशहित में लिए जा रहे फैसलों का समर्थन किया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें- UCC पर जदयू के रुख में नरमी, विजय चौधरी बोले- पहले प्रविधानों का अध्ययन फिर तय होगा फैसला