विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UCC पर जदयू के रुख में नरमी, विजय चौधरी बोले- पहले प्रविधानों का अध्ययन फिर तय होगा फैसला

Published: Tue, 15 Sep 2026 07:01 PM (IST)

बिहार में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के मुद्दे पर जदयू के रुख में नरमी आई है। उपमुख्यमंत्री विजय ...और पढ़ें

विजय कुमार चौधरी

विजय कुमार चौधरी

HighLights

  1. जदयू का यूसीसी पर रुख नरम, पहले प्रावधानों का अध्ययन होगा।

  2. उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा, अध्ययन के बाद ही पार्टी विमर्श करेगी।

  3. तेजस्वी यादव ने जदयू और लोजपा से यूसीसी पर स्पष्टीकरण मांगा।

राज्य ब्यूरो, पटना। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को बिहार में लागू करने के मुद्दे पर एक दिन के भीतर ही जदयू के रुख में नरमी के संकेत मिले हैं। सरकार के उप मुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने कहा कि अभी यूसीसी के प्रविधान सार्वजनिक नहीं हुए हैं। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी केंद्रीय गृहमंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा करने की बात कही है।

श्याम रजक के बयान से अलग दिखा जदयू का रुख

विजय चौधरी का बयान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक श्याम रजक के उस दावे से अलग है, जिसमें उन्होंने कहा था कि बिहार में समान नागरिक संहिता लागू नहीं होने देंगे।

श्याम रजक ने यह भी कहा था कि संसद में यूसीसी से जुड़े विधेयक को समर्थन देते समय जदयू ने स्पष्ट किया था कि इसे बिहार में लागू नहीं किया जाएगा। हालांकि विजय चौधरी ने इसके लागू होने या न होने पर सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा।

प्रविधानों के अध्ययन के बाद पार्टी करेगी विमर्श

विजय चौधरी ने कहा कि यूसीसी के प्रविधानों का अध्ययन करने के बाद पार्टी इस पर विमर्श करेगी। यदि किसी तरह की चिंता या परेशानी सामने आती है तो उसे दूर करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री के समक्ष पार्टी अपनी बात रखेगी।

जदयू का यह रुख एनडीए के सहयोगी दलों लोजपा (रा) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के रुख से भी मेल खाता है।

तेजस्वी बोले- गोल-गोल बात न करें चिराग

विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने यूसीसी को लेकर जदयू और लोजपा (रा) से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। उन्होंने कहा कि दोनों दल केंद्र और राज्य सरकार में शामिल हैं, इसलिए उन्हें बताना चाहिए कि बिहार में यूसीसी लागू करने देंगे या नहीं। तेजस्वी ने चिराग पासवान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर गोल-गोल बात कर रहे हैं।

भाई वीरेंद्र ने जदयू को दिया साथ आने का प्रस्ताव

राजद के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में किसी भी कीमत पर यूसीसी लागू नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि संविधान सभी लोगों को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार देता है।

भाई वीरेंद्र ने जदयू को राजद के साथ मिलकर सरकार बनाने का प्रस्ताव भी दिया। उन्होंने भाजपा पर बिहार को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए सभी धर्मनिरपेक्ष दलों से एक मंच पर आने की अपील की।

यह भी पढ़ें- UCC पर अमित शाह के बयान से बिहार NDA में सियासी संग्राम, JDU का 'NO', HAM का 'YES'-क्या गठबंधन में बढ़ेगी टकराव?

यह भी पढ़ें- ब‍िहार में फिर बनेगी JDU-RJD की सरकार? UCC पर सियासी घमासान के बीच नीतीश को राजद का खुला ऑफर