यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मां ने लिया था लोन, रिकवरी एजेंट बेटी को लेकर चला गया; पटना के थाने में दोनों ने कही एक ही बात
Patna Crime झारखंड के हजारीबाग शहर की रहने वाली एक लड़की को एक युवक के साथ पटना पुलिस ने पकड़ा ...और पढ़ें

फुलवारीशरीफ (पटना), संवाद सूत्र। Patna Crime: झारखंड के हजारीबाग शहर की रहने वाली एक लड़की को एक युवक के साथ पटना पुलिस ने पकड़ा है। फुलवारीशरीफ थाने की पुलिस ने बोचाचक से दोनों को हिरासत में लिया था। दोनों ने बताया है कि वे बालिग हैं। इसके बावजूद पुलिस ने उनके स्वजनों को इसकी सूचना दी है। दोनों की बात सुनने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अगली कार्रवाई के लिए स्वजनों के आने का इंतजार कर रही है। दोनों ने पुलिस को बताया है कि वे एक-दूसरे को प्यार करते हैं, लेकिन स्वजन उनकी शादी के लिए तैयार नहीं थे। इसके बाद दोनों घर से फरार हो गए और पटना आकर किराए का मकान लेकर रहने लगे।
प्रेमिका की मां ने लिया था लोन
दोनों चार माह पहले झारखंड से फरार होकर फुलवारीशरीफ में आए थे। प्रेमी युवक हजारीबाग में निजी फायनांस कंपनी में काम करता था। उसने एक वर्ष पहले प्रेमिका की मां को लोन दिलाया था। लोन का पैसा रिकवरी करने वह लड़की के घर पर जाता रहता था। इसी दौरान वह लड़की के संपर्क में आया। दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ा और दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाई। प्रेमी के स्वजनों को इसकी जानकारी हुई तो वे लड़के को अपनाने को तैयार नहीं हुए। थानेदार रफीकुर्रहमान ने बताया कि दोनों बालिग हैं। उनके स्वजनों से संपर्क किया गया है।
महिला हत्या मामले में दो गिरफ्तार, जेल
इधर, जहानाबाद जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र के गांव में महिला की हत्या मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गिरफ्तार लोगों में भगवान पासवान एवं अंबुज कुमार शामिल हैं। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों लोगों से पूछताछ के उपरांत कोर्ट के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मालूम हो कि इस हत्या मामले में नौ लोगों के खिलाफ मृतका की मां के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
