गरीब यादवों का शोषण लालू परिवार को खा जाएगा: रघुबर दास
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास रविवार को एक कार्यक्रम के सिलसिले में पटना में हैं। तेली साहू समाज के इस कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया गया।
पटना [जेएनएन]। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास ने पटना में लालू परिवार पर करारा हमला बोला। कहा कि गरीब यादवों का शोषण लालू परिवार को खा जायेगा। उन्होंने लालू पर तंज कसते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप में फंसे लालू पटना-रांची, पटना-रांची..., इसी तरह लालू की पत्नी, बेटी और बेटा पटना-दिल्ली, पटना-दिल्ली... चक्कर लगाते-लगाते बर्बाद हो जाएंगे।
रघुवर दास तेली-साहू समाज, बिहार की ओर से श्रीकृष्ण मेमोरियल सभागार में आयोजित नगर निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह को सबोधित कर रहे थे। राजद समेत तमाम क्षेत्रीय दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ही देश की इकलौती पार्टी है जिसमें वंशवाद नहीं है।
भाजपा में कोई गरीब कार्यकर्ता कैसे देश का प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति पद पर पहुंच सकता है। इसके प्रमाण नरेंद्र मोदी और रामनाथ कोविंद हैं। उन्होंने निकाय प्रतिनिधियों को भ्रष्टाचार से बचने की नसीहत दी और कांग्रेस के 70 वर्षों के भ्रष्टाचार को गिनाते हुए प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के समय शुरू हुए जीप घोटाले से लेकर यूपीए-2 सरकार तक के घोटाले गिनाए।
रघुवर ने अपने समाज को झारखंड सरकार की उपलब्धियां और गरीब आदिवासियों के लिए शुरू की योजनाएं भी गिनाईं। कहा कि झारखंड को गरीबी की गोद से निकालकर देश के दूसरे विकासशील राज्य की श्रेणी में खड़ा किया।
देश में गुजरात के बाद झारखंड सबसे तेजी से विकास करने वाला राज्य बन गया है। ढाई वर्षों में झारखंड का विकास दर 4.5 से बढ़कर 8.4 फीसद हो गया है। झारखंड को अक्टूबर 2018 तक खुले में शौच से मुक्त राज्य घोषित करने लक्ष्य तय किया है।
बकौल रघुवर, बिहार के साथ पूरे देश में कमल खिलाने के लिए तेली साहू समाज आगे आए। कहा कि पीएम मोदी के तीन वर्ष और हमारे ढ़ाई वर्ष के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। न तो नेता ने जनता के साथ धोखा किया और न ही किसी अफसर ने गलत काम करने की हिम्मत की। इससे पूर्व रघुवर ने समाज के प्रतिनिधियों को प्रतीक चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।