Jewellery prices today : चांदी की कीमत में आई भारी गिरावट, सोना में भी मिली राहत
बाजार का हाल गुरुवार को सराफा बाजार में तेज गिरावट दर्ज की गई। सोना और चांदी की कीमत गिरने से शादी-विवाह की तैयारी में जुटे परिवारों को राहत मिलेगी। जानिए कीमतों में कितनी मिली राहत और अभी कितने की उम्मीद
जेएनएन, पटना : सराफा बाजार में गुरुवार को ग्राहकों को बड़ी राहत मिली। चांदी के भाव में 1500 रुपये प्रति किलो की तगड़ी गिरावट आई। इसके साथ ही सोना का भाव भी 200 रुपये प्रति दस ग्राम नीचे आया। इससे ग्राहकी बढऩे की उम्मीद जताई जा रही है।
सोना और चांदी के भाव आसमानी रहने से परेशान ग्राहकों को आज चांदी में आई गिरावट से बड़ी राहत मिली है। चांदी का भाव 1500 रुपये प्रति किलो नीचे आकर 61,500 रुपये पर आ गया है। सराफा विक्रेताओं का कहना है कि इससे ग्राहकी को बल मिलेगा।
विदेशों में भी गिरी चांदी की कीमत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई नरमी की वजह से चांदी के भाव में गिरावट आई है। आज सोना का भाव भी 200 रुपये प्रति दस ग्राम की राहत देने के बाद 52,400 रुपये पर आ गया। जानकारों का कहना है कि इस समय त्योहारी मौसम चल रहा है। धनतेरस और दीपावली का त्योहार सामने है।
नवंबर से शुरू होगा शादियों का मौसम
नवंबर में वैवाहिक मौसम भी शुरू हो जाएगा। ऐसे में घरेलू खरीदारी में वृद्धि होगी। अगर सोना और चांदी का भाव नरम रहता है तो सराफा बाजार का दायरा बढ़ेगा। लोग अधिक खरीदारी कर पाएंगे। फिलहाल बाजार सिमटा हुआ है। ग्राहक बजट संतुलित कर खरीदारी कर रहे हैं। आज चांदी में आई जोरदार गिरावट से ग्राहकी को बल मिलेगा।
सेसेक्स भी गिरा
बाजार के लिए गुरुवार का दिन अच्छा नहीं रहा। सराफा के साथ ही स्टॉक मार्केट भी नकारात्मक रहात्र शाम सवा चार बजे तक सेंसेक्स में करीब 172 अंक, जबकि निफ़टी में करीब 59 अंक की गिरावट दर्ज की गई। आइडिया, टाइटन, अडानी पोटर्स जैसे शेयरों गिरावट तेज रही। हालांकि अडानी ग्रीन, हिंद पेट्रो, मुथूट फाइनेंस और एशियन पेंटस जैसे शेयर तेजी पर रहे। बाजार के जानकारों की मानें तो शेयर और सराफा में अभी और भी गिरावट देखने को मिल सकती है।