विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'नशा मुक्त बिहार' के लिए जीविका दीदियों ने संभाली सामाजिक बदलाव की कमान, गांव-गांव चलाया अभियान

Published: Fri, 27 Nov 2026 06:42 PM (IST)

बिहार में 27 अक्टूबर से 26 नवंबर तक 'नशामुक्त बिहार' अभियान चलाया गया, जिसमें जीविका दीदियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में 6.38 लाख से अधिक जागरूकता गतिविधियां कीं। इस अभियान का उद्देश्य शराब, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक कर नशामुक्त समाज का निर्माण करना था।

जीविका दीदियों ने 'नशा मुक्त बिहार' के लिए गांव-गांव अभियान चलाया है।

जीविका दीदियों ने 'नशा मुक्त बिहार' के लिए गांव-गांव अभियान चलाया है।

HighLights

  1. जीविका दीदियों ने नशामुक्त बिहार अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।

  2. 6.38 लाख से अधिक जागरूकता गतिविधियां ग्रामीण क्षेत्रों में की गईं।

  3. शराब, तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

डिजिटल टीम, पटना। बिहार में नशामुक्त समाज के निर्माण एवं जन-जागरूकता को व्यापक स्वरूप देने के उद्देश्य से 27 अक्टूबर से 26 नवंबर तक सभी जिलों में विशेष अभियान चलाया गया। नशामुक्त बिहार के नाम से संचालित इस अभियान में जीविका के सहारे स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों, संकुल स्तरीय संघों एवं ग्रामीण समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हुई। अभियान का उद्देश्य शराब, तंबाकू, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना और सामूहिक प्रयासों से नशामुक्त बिहार के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।

लोगों को जागरुक किया

ग्रामीण विकास विभाग (जीविका) के अधिकारियों के अनुसार, नशामुक्त बिहार के निर्माण के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए जीविका दीदियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता एवं सामाजिक चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान इन दीदियों ने नशा मुक्त अभियान से संबंधित 6.38 लाख से अधिक जागरूकता गतिविधियां क्रियान्वित कीं। अभियान में स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों एवं संकुल स्तरीय संघों की बैठकें आयोजित की गई, जिसमें नशे के दुष्प्रभावों पर विशेष चर्चा हुई। मुख्य रूप से शराब, तंबाकू, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान, पारिवारिक समस्याओं, आर्थिक कठिनाइयों और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।

जीविका दीदियों ने परिवार एवं समाज पर नशे के प्रभावों को साझा करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने, बच्चों एवं युवाओं को नशे से दूर रखने और परिवार की आय का उपयोग शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं आजीविका जैसी आवश्यकताओं पर करने के लिए लोगों को प्रेरित किया। समूह बैठकों में नशामुक्ति को व्यक्तिगत संकल्प के साथ सामुदायिक जिम्मेदारी के रूप में स्थापित करने पर जोप दिया गया।

रैली, शपथ एवं सामुदायिक गतिविधियों से जन-आंदोलन

अभियान में विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता रैलियों, सामुदायिक कार्यक्रमों, शपथ ग्रहण एवं अन्य जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में जीविका दीदियों, सामुदायिक कैडर, ग्रामीण महिलाओं एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैलियों एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से नशामुक्त परिवार, स्वस्थ समाज एवं सुरक्षित भविष्य का संदेश प्रसारित किया गया। साथ ही, जीविका कर्मियों एवं सामुदायिक कैडर को नशामुक्ति मित्र के रूप में अभियान से जोड़कर जागरूकता गतिविधियों के संचालन, समन्वय एवं अनुश्रवण में उनकी भूमिका को सशक्त करते हुए सामुदायिक संस्थाओं के माध्यम से नशामुक्ति के संदेश को गांवों एवं परिवारों तक पहुंचाने पर बल दिया गया।

सतत जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों की सहभागिता

नशामुक्त बिहार अभियान में सतत जीविकोपार्जन योजना (एसजेवाइ) के लाभार्थियों को भी विशेष रूप से शामिल किया गया। अत्यंत निर्धन परिवारों को आजीविका से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित इस योजना के लाभार्थियों के बीच नशामुक्ति से संबंधित जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। लाभार्थियों को परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने, आजीविका गतिविधियों को मजबूत करने एवं नशामुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के समापन अवसर पर नशामुक्त बिहार के निर्माण का संकल्प लिया गया और आगे भी सामुदायिक बैठकों, सामाजिक संवाद एवं विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के संचालन पर बल दिया गया।

'नशा मुक्त समाज की नींव मजबूत'

बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि नशा मुक्त बिहार को लेकर चलाए गए विशेष अभियान को हमारे सर्वमान्य नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों गठित समूह की दीदियों ने जन आंदोलन का रूप दिया। शराब, तंबाकू एवं अन्य नशों के दुष्प्रभाव बताकर उन्होंने परिवारों को जागरूक किया और आय का सही उपयोग शिक्षा, पोषण व आजीविका में करने की प्रेरणा दी। सतत जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों व अन्य विभागों के सहयोग से यह अभियान गांव-गांव तक पहुंचा और नशामुक्त समाज की नींव मजबूत की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।