नशामुक्त बिहार की मुहिम में जीविका दीदियों का बड़ा योगदान, 53.76 लाख लोगों तक पहुंचा जागरूकता का संदेश
बिहार में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जीविका दीदियां विशेष अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस मुहिम ...और पढ़ें

1.86 लाख से अधिक लोगों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
HighLights
जीविका दीदियां नशामुक्त बिहार अभियान में अहम भूमिका निभा रहीं।
53.76 लाख लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया गया।
1.86 लाख से अधिक लोगों ने नशे से दूर रहने की शपथ।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान अब जन-आंदोलन का रूप लेता दिख रहा है। ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत जीविका से जुड़ी दीदियां इस मुहिम में अहम भूमिका निभा रही हैं। 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे विशेष नशामुक्त बिहार अभियान के तहत अब तक 53 लाख 76 हजार 891 महिला और पुरुषों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा चुका है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया है।
1.86 लाख से अधिक लोगों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
अभियान के तहत अब तक एक लाख 86 हजार 660 से अधिक लोगों ने नशे से दूर रहने की औपचारिक शपथ ली है। जीविका दीदियां ग्रामीण क्षेत्रों में बैठकों, सामुदायिक कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। विभाग का मानना है कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को व्यापक सामाजिक समर्थन मिल रहा है।
5,744 नशामुक्ति मित्र पंजीकृत, 6,812 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
ग्रामीण विकास विभाग के मुताबिक, सात नवंबर 2026 तक राज्य में कुल 5,744 नशामुक्ति मित्र पंजीकृत किए जा चुके हैं। वहीं, विभिन्न जिलों में 6,812 से अधिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई हैं।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जन-जागरूकता वाहनों, हेल्पलाइन नंबरों, वाट्सएप चैटबाट और नुक्कड़ कार्यक्रमों का भी सहारा लिया जा रहा है। इन माध्यमों से समाज के अलग-अलग वर्गों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
21,268 शिक्षण संस्थानों में युवाओं को किया जा रहा जागरूक
नशे की लत से युवाओं और भावी पीढ़ी को बचाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब तक राज्य के 21,268 शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया जा चुका है।
इसके माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और नशे से दूरी बनाए रखने के महत्व के बारे में बताया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि युवा पीढ़ी नशामुक्त जीवनशैली अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव की वाहक बने।
2016 की शराबबंदी नीति के बाद जागरूकता अभियान को मिल रही गति
बिहार में वर्ष 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूर्ण शराबबंदी की नीति लागू की गई थी। इसके बाद से राज्य सरकार परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मौजूदा विशेष अभियान भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत सरकारी प्रयासों के साथ सामुदायिक भागीदारी को मजबूत किया जा रहा है, ताकि नशामुक्ति का संदेश केवल शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि सुदूर ग्रामीण इलाकों तक पहुंचे।
महिलाओं की भागीदारी से बनेगा स्वस्थ और समृद्ध बिहार : श्रवण कुमार
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार स्वस्थ, नशामुक्त और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। इस संकल्प को जन-आंदोलन बनाने में जीविका दीदियों की भूमिका सराहनीय और ऐतिहासिक है।
उन्होंने कहा कि जीविका ने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ सामाजिक बदलाव का नेतृत्व भी सौंपा है। आज ये महिलाएं अपने परिवार और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य प्रयास जीविका के सामुदायिक संस्थानों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश प्रदेश के प्रत्येक गांव और हर परिवार तक पहुंचाना है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही स्वस्थ परिवार, सशक्त समाज और नए समृद्ध बिहार का निर्माण संभव हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।