हाथ में थमाई नकली चेन, कान से उतारी असली बालियां: पटना में 2 शातिर महिलाओं का कारनामा
पटना में एक जीविका दीदी ठगी का शिकार हो गईं, जहां दो अज्ञात महिलाओं ने उन्हें बातों में उलझाकर सोने की बालियां उतरवा लीं।

पटना में जीविका दीदी से ठगी, सोने की बालियां लेकर थमाई नकली चेन (AI Generated Image)
HighLights
जीविका दीदी को दो अज्ञात महिलाओं ने ठगी का शिकार बनाया।
सोने की बालियां उतरवाकर नकली चेन देकर फरार हुईं आरोपी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, जांच जारी है पटना में।
जागरण संवाददाता, पटना। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक जीविका दीदी को ठगी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। बिहार राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक के पास दो अज्ञात महिलाओं ने झांसा देकर पीड़िता से सोने की दोनों बालियां उतरवा लीं और बदले में डुप्लीकेट चेन थमाकर मौके से फरार हो गईं।
पीड़िता सोमवार सुबह करीब 10 बजे रजिस्ट्री ऑफिस में अपनी ड्यूटी पर जा रही थीं। उसी दौरान एक महिला ने उन्हें बातों में उलझा लिया और अपने साथ दूसरी महिला के पास ले गई।
सोने की चेन का लालच
दोनों महिलाओं ने उन्हें सोने की चेन देने का लालच दिया और धीरे-धीरे विश्वास में लेकर उनके कान की दोनों बालियां उतरवा लीं। बालियां हाथ में आते ही आरोपितों ने महिला को डुप्लीकेट चेन पकड़ा दी।
घटना के बाद आरोपित महिलाएं पीड़िता को ऑटो में बैठाकर एक पुल के पास ले गईं, जहां उन्हें उतारकर दोनों फरार हो गए।
गायब बालियों की कीमत 1 लाख रुपये
पीड़िता के अनुसार, गायब हुई बालियों की कीमत लगभग एक लाख रुपये है। ठगी का अहसास होते ही पीड़िता ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें- सादे कागज पर अंगूठा-दस्तखत और बैंक से करोड़ों का लोन, मुजफ्फरपुर में जीविका दीदियां कर्जदार
यह भी पढ़ें- बिहार में 1 करोड़ महिलाओं को मिलेगा रोजगार, छात्राओं को मिलेगी ₹10 हजार प्रतिमाह PhD फेलोशिप
